रुद्रपुर: जिले भर के व्यापारी आज मुख्यमंत्री को भेजेंगे ज्ञापन
रुद्रपुर, अमृत विचार। प्रशासन द्वारा सुपर मार्केट, राम मनोहर लोहिया मार्केट और समोसा मार्केट में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 166 दुकानों के ध्वस्तीकरण से आक्रोशित जिले भर के व्यापारियों ने सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजने का निर्णय लिया है।
व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष राजकुमार भुड्ढी की अध्यक्षता में रविवार को हुई व्यापारियों की एक बैठक में यह निर्णय लिया गया। इसमें कहा गया कि सोमवार को सभी व्यापारी अपने-अपने क्षेत्र के प्रशासनिक अधिकारियों या तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित करेंगे।
इसमें प्रभावित दुकानदारों के पुनर्वास की मांग की जाएगी। बैठक के दौरान व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष भुड्ढी ने कहा कि प्रशासन की इस कार्रवाई से प्रदेश भर के व्यापारियों में भारी रोष व्याप्त है। इसके खिलाफ व्यापार मंडल अपना संघर्ष जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर व्यापार मंडल के आंदोलन को जनपद सहित प्रदेश के व्यापारियों का पूर्ण समर्थन है। जल्द ही रुद्रपुर विधायक से भी इस मामले पर वार्ता की जायेगी।
नगर अध्यक्ष संजय जुनेजा ने कहा कि हल्द्वानी की बनभूलपुरा बस्ती को उजाड़ने से पहले सुप्रीम कोर्ट ने प्रभावितों के पुनर्वास करने का आदेश दिया है। यही आदेश जनपद के अधिकारियों को भी लागू करना चाहिए था। इस अवसर पर व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष ओमप्रकाश अरोरा, प्रदेश संयुक्त महामंत्री गुलशन छाबड़ा, जिला उपाध्यक्ष सतपाल गाबा, जिला उपाध्यक्ष सुरमुख सिंह विर्क, जिला मंत्री राजकुमार सीकरी, नगर महामंत्री हरीश अरोरा आदि व्यापारी उपस्थित थे।
