कोलकाता में बोले अखिलेश यादव- भाजपा ने पूरे देश को संकट में डाला  

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी के बाद की प्रेस कॉन्फ्रेंस 

कोलकाता में बोले अखिलेश यादव- भाजपा ने पूरे देश को संकट में डाला  

अमृत विचार, लखनऊ। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कोलकाता में संपन्न पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद कहा कि देश में महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। सीमाओं पर स्थिति चिंताजनक है। भाजपा सरकार ने पूरे देश को संकट में डाला है। भाजपा शासित राज्यों में अन्याय और अत्याचार हो रहा है, केंद्र सरकार भाजपा के खिलाफ मजबूती से लड़ रहे राजनीतिक दलों पर प्रतिशोध के तहत ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स जैसी केंद्रीय एजेंसियों से छापे डलवा कर परेशान और छवि खराब करने का प्रयास कर रही है।

कोलकाता में ही रविवार को पत्रकारों से अखिलेश यादव ने कहा कि देश की जनता जानती है कि जो लोग भाजपा में शामिल हो जाते हैं, भाजपा की वैक्सीन ले लेते हैं, वह सीबीआई और ईडी से मुक्त हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश में किसानों, नौजवानों, कर्मचारियों, व्यापारियों सभी से झूठे वादे किए हैं। अब एक-एक करके उसकी झूठे वादों की पोल खुल रही है।

अखिलेश ने बताया कि कांग्रेस के गढ़ रायबरेली और अमेठी में वहां के स्थानीय नेताओं के साथ बातचीत की जाएगी और लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार उतारने पर विचार किया जाएगा। मालूम हो कि इन दोनों सीटों पर अभी तक सपा उम्मीदवार नहीं उतारती रही है। इसके बदले कांग्रेस भी मैनपुरी में उम्मीदवार नहीं उतारती थी। अब सियासी समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं।

सपा की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक शनिवार से कोलकाता में शुरू हुई थी। पहले दिन की बैठक में उप्र. की राजनीति, आर्थिक और सामाजिक स्थिति पर चर्चा हुई। बैठक में पार्टी नेताओं को धार्मिक पुस्तकों और धर्म से जुड़े संतों पर टिप्पणी से बचने और अति पिछड़ों को साधने पर जोर दिया गया।


ये भी पढ़ें - अमृत विचार इम्पैक्ट: नाबालिग का अपहरण करने वाले पांच अभियुक्त गिरफ्तार