Weather Update: राजधानी लखनऊ समेत UP के कई जिलों में सुबह से जोरदार बारिश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समते कई इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवात का असर साफ दिख रहा है। सूबे के अधिकांश जिलों में आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग की ओर से सोमवार को राजधानी समेत पूर्वांचल से पश्चिमी यूपी तक बारिश जैसी स्थिति के आसार जताए गए थे। 

सोमवार की सुबह से ही राजधानी लखनऊ में गरज के साथ बारिश शुरू हो गई। राजधानी लखनऊ में पिछले चार दिनों से मौसम खुशगवार बना हुआ है। बादलों की आवाजाही जारी है और हवाएं चलने से गर्मी का अहसास कम है। इस बीच मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार सुबह से लखनऊ और आसपास के जिलों में भी बारिश हो सकती है। सोमवार भोर 3 बजे से ही मौसम में बदलाव दिखा। आसमान में बादल छाए। तेज हवाएं चलने लगी।

राजधानी लखनऊ में भोर 3 बजे के बाद करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। इसके बाद काले बादल छाए और गरज के साथ छींटे पड़ने लगे। बादलों की गरज ने सोमवार का स्वागत किया। राजस्थान में चक्रवाती गतिविधियों के कारण शहर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पिछले चार दिनों से बादलों की आवाजाही और बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट आई है। 

शहर में रविवार को ही अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री की गिरावट के साथ 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, बीते दो दिन से पश्चिमी यूपी में तेज बारिश हो रही है। सोमवार के दिन में मौसम खुलने के बाद अधिकतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं, न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है।

मौसम विभाग का आया अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान में कहा गया है कि शहर में सोमवार को भी सुबह से बादल छाए रहेंगे और हल्की बूंदाबांदी होगी। देर शाम मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। आंचलिक विज्ञान केंद्र के क्षेत्रीय निदेशक मो. दानिश ने बताया कि लखनऊ में मंगलवार को भी बादल छाए रहेंगे और बूंदाबांदी की संभावना रहेगी। 

इसके बाद बुधवार से मौसम थोड़ा साफ होगा और बारिश थमेगी। इसके बाद तापमान में तेजी से वृद्धि हो सकती है। राजधानी लखनऊ में 16 मार्च को न्यूनतम तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस था तो 19 मार्च को 15.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस प्रकार राजधानी में ठंड का प्रभाव एक बार फिर बनता हुआ दिखा।

 

यह भी पढ़ें:-2047 तक भारत पूरी दुनिया में सर्वोपरि होगा: डॉ. जीएन सिंह

संबंधित समाचार