IND vs AUS : क्या तीसरे वनडे में संजू सैमसन को मिलेगा मौका? जानिए वसीम जाफर ने क्या कहा?

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुंबई। भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर ने कहा है कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चेन्नई में होने वाले तीसरे एकदिवसीय मैच में सूर्यकुमार यादव की जगह संजू सैमसन को मौका दिया जाना चाहिये। रोहित शर्मा, शुभमन गिल और विराट कोहली जहां बल्लेबाजी क्रम में शीर्ष तीन स्थानों पर काबिज हैं, वहीं केएल राहुल, हार्दिक पांड्या और रवींद्र जडेजा क्रमशः पांचवें, छठे और सातवें नंबर पर खेलते हैं। जाफर का मानना है कि पीठ की चोट से जूझ रहे श्रेयस अय्यर की अनुपस्थिति में सैमसन को नंबर चार पर खेलना चाहिये। 

जाफर ने ईएसपीएन क्रिकइन्फो के एक कार्यक्रम में कहा, हमें देखना होगा कि तीसरे वनडे में प्रबंधन सूर्यकुमार यादव के साथ रहता है या नहीं। अन्यथा, संजू सैमसन को मौका देना गलत विकल्प नहीं होगा क्योंकि मौका मिलने पर उन्होंने अच्छा खेला है और वह एक अच्छे खिलाड़ी हैं।

गौरतलब है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद द्वारा साल 2022 के सर्वश्रेष्ठ टी20 खिलाड़ी चुने गये सूर्यकुमार एकदिवसीय क्रिकेट में ज्यादा प्रभावित नहीं कर सके हैं। उन्होंने अपनी पिछली नौ एकदिवसीय पारियों में मात्र 110 रन जोड़े हैं। ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध मुंबई और विशाखापटनम में खेले गये मैचों में वह पहली ही गेंद पर मिचेल स्टार्क का शिकार हो गये। जाफर ने स्टार्क की ताकत का अनुमान नहीं लगाने के लिये भी सूर्यकुमार की आलोचना की। 

उन्होंने कहा, हमें सूर्यकुमार यादव से सहानुभूति हो सकती है क्योंकि उन्होंने पहली गेंद का सामना किया जो 145 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आई थी। इसमें कोई शक नहीं कि जब बाएं हाथ का तेज गेंदबाज गेंद को वापस अंदर लाने की कोशिश करता है तो यह चुनौतीपूर्ण होता है। उन्हें यह अनुमान लगाना चाहिए था कि जब स्टार्क गेंदबाजी करेंगे, तो वह स्टंप्स पर हमला करेंगे और गेंद को स्विंग कर सकते हैं।" सूर्यकुमार के बरक्स, संजू सैमसन ने 11 मैचों में 66.00 के स्वस्थ औसत के साथ 330 रन बनाए हैं। भारत 22 मार्च को चेन्नई में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज का आखिरी मैच खेलेगा। 

ये भी पढ़ें :  प्रशिक्षण के लिए तुर्की जाएंगे नीरज चोपड़ा, धन मुहैया कराएगा टॉप्स 

संबंधित समाचार