ऋषिकेश: अंतर्राज्यीय चिरानी गैंग के मुखिया को पुलिस ने किया गिरफ्तार, 15 लाख के जेवर और नकदी बरामद, दो आरोपी फरार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

ऋषिकेश, अमृत विचार। अंतर्राज्यीय चिरानी गैंग के मुखिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही, पुलिस ने आरोपी के पास से 15 लाख के जेवर और नकदी भी बरामद की है। आरोपी पूर्व में कई राज्यों में चोरी की घटना को अंजाम दे चुका है, इधर गैंग के दो साथी अभी फरार हैं।

जानकारी के लिए बता दें कि जनपद टिहरी गढ़वाल में इस गिरोह ने चार और जनपद देहरादून के डोईवाला क्षेत्र में दो चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। गैंग के सभी सदस्य कठुआ जम्मू कश्मीर के रहने वाले हैं। दो अन्य सदस्यों की पुलिस को तलाश है जिसके लिए पुलिस की ओर से लगातार गिरफ्तार करने के प्रयास किये जा रहे हैं।

टिहरी गढ़वाल के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने थाना मुनिकीरेती में इन वारदातों का खुलासा करते हुए बताया कि नौ मार्च को थाना कीर्तिनगर के अंतर्गत मलेथा निवासी केशव राणा के घर में दिनदहाड़े ताला तोड़कर जेवर चोरी हुई थी। इसी दिन कीर्तिनगर क्षेत्र के बागवान निवासी भरत सिंह के यहां भी सोने चांदी की ज्वेलरी चोरी हुई थी। वहीं, इसी तारीख में थाना देवप्रयाग के अंतर्गत मूल्यागांव निवासी विनीता देवी के यहां की मकान का ताला तोड़कर चोरी हुई थी। 

थाना नरेंद्र नगर क्षेत्र में भी चोरों ने एक मंदिर का ताला तोड़कर चांदी का छत्र और माता की मूर्ति से सोने की नथ चुरा ली थी। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस पर सवालिया निशान खड़े कर दिये थे। जिसके बाद पुलिस ने इन चोरियों का खुलासा करने के लिए कीर्तिनगर थाना सहित एसओजी की टीमों का गठन किया था, जिसके बाद पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। 

यह भी पढ़ें- चम्पावतः नाबालिग से दुष्कर्म करने पर 20 साल की सश्रम कैद, 40 हजार का लगाया जुर्माना

संबंधित समाचार