रायबरेली : गंगा कटरी में खेत की रखवाली कर रहे किसान को मारी गोली, मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रायबरेली, अमृत विचार। गंगा के कटरी क्षेत्र में खेत की रखवाली करते समय एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मामले में परिजनों ने करीब आधा दर्जन सशस्त्र बदमाशों पर पहले पिटाई करने फिर गोली मार देने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
        
घटना गुरुवार मध्य रात्रि की है। कोतवाली क्षेत्र के गांव कोटरा बहादुरगंज निवासी शंभू मौर्या (50 वर्ष) पुत्र राम आसरे ने गांव के सूरजपाल का कटरी क्षेत्र में स्थित खेत बटाई पर ले रखा है। उसने इस खेत में सब्जियां बो रखी है। रात में खेत की रखवाली करने गया था। उसके खेत से थोड़ी दूर पर सूरजपाल का ट्यूबवेल है। पास में ही राम मूरत मौर्य का खेत है। वह भी अपने खेत की रखवाली कर रहे थे।

बताया जाता है कि गुरुवार मध्यरात्रि करीब आधा दर्जन सशस्त्र बदमाश फतेहपुर जनपद की ओर से गंगा पार करके आए थे। बदमाशों ने पहले शंभू मौर्या को खेत में पकड़ा ।उसके बाद उसे सूरजपाल की ट्यूबवेल में लाए। जहां पर सूरजपाल और राममूरत की मौजूदगी में पहले शंभू की पिटाई की । उसके बाद उसे गोली मार दी । इसके बाद बदमाश भाग गए। घटना के बाद मामले की सूचना शंभू के परिजनों को दी गई। शंभू के परिजन उसे लेकर ऊंचाहार सीएचसी पहुंचे। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक नवीन सिंह रात में ही घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया है । उसके बाद कोतवाल बालेंदु गौतम को मामले के खुलासे का निर्देश दिया है।

दाहिने जांघ में लगी थी गोली , दूसरे पैर में पिटाई के निशान 

शंभू मौर्या के दाहिने जांघ में गोली लगी थी, जबकि उसके दूसरे पैर में पिटाई के निशान थे । जांघ में गोली लगने के बाद किसी की मौत होने को लेकर लोग संदेह व्यक्त कर रहे हैं। जबकि चिकित्सकों का मानना है कि गोली लगने के बाद मृतक काफी समय तक घटनास्थल पर पड़ा रहा । जिससे उसका काफी खून बह गया था । अधिक खून बह जाने के कारण उसकी मौत हुई है। 

 दो लोग हिरासत में 

किसान की हत्या के मामले में पुलिस ने घटना के समय उसके साथ मौजूद रहे सूरजपाल और राम मूरत मौर्य को हिरासत में लिया है। पुलिस दोनों लोगों से पूछताछ कर रही है। घटना को लेकर जो कहानी बताई जा रही है, पुलिस को उस पर यकीन नहीं है। पुलिस का मानना है कि घटनाक्रम कुछ और है ,जिसे बदलकर बताया जा रहा है।

आसपास के अन्य किसानों को नहीं हो पाई जानकारी 

किसान संभू मौर्य को जहां पर गोली मारी गई है ,उसके आसपास बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे। गंगा के कटरी क्षेत्र में इस समय किसानों ने तरबूज बो रखा है । जंगली जानवरों और मवेशियों से बचाने के लिए किसान रात दिन इस की रखवाली करते हैं। बताया जाता है कि घटनास्थल से थोड़ी दूर पर बड़ी संख्या में किसान अपने अपने खेतों में फसल की रखवाली कर रहे थे । किंतु उन्हें घटना के बारे में जानकारी नहीं हो पाई है । बताया जाता है कि यदि फतेहपुर जनपद से बदमाश आए थे तो शोरगुल होना चाहिए और उन किसानों को भी घटना की जानकारी होनी चाहिए। लेकिन किसी अन्य किसान को घटना की जानकारी न होने को लेकर पुलिस बताई जा रही कहानी पर यकीन नहीं कर रही है।

यह भी पढ़ें : पवित्र रमजान महीना : पहला रोज़ा आज, शुरू हुई रहमतों की बारिश

संबंधित समाचार