मुरादाबाद : 2024 में बूथ की ताकत पर जीतेंगे प्रदेश की 80 सीटें, उपाध्यक्ष बने सतपाल सैनी कार्यकर्ताओं में भरेंगे जोश
जिम्मेदारी : भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी में फिर उपाध्यक्ष बने सतपाल सैनी कार्यकर्ताओं में भरेंगे जोश
आशुतोष मिश्र, अमृत विचार। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी की टीम के नवनियुक्त उपाध्यक्ष सतपाल सैनी बूथ प्रबंधन से मिशन 2024 फतह करेंगे। इसके लिए वह बूथ समितियों को असरदार बनाएंगे। संगठन की रणनीति को अमलीजामा पहनाने के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे। कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष का पद बरकरार रखने में कामयाब सैनी के घर जश्न का माहौल है।
शनिवार को सतपाल ने अमृत विचार से बातचीत में विस्तार से अपनी बातें रखीं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पृष्ठभूमि से आने वाले सैनी हर दौर में संगठन की पसंद रहे हैं। तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने उन्हें अपनी कमेटी में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी जो भूपेंद्र सिंह चौधरी की टीम में भी बरकरार रही। संगठन के पुनर्गठन वाली संरचना में सैनी अपना पद बरकरार रखने में कामयाब हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कोटे से भाजपा में पहुंचे सैनी अविभाज्य मुरादाबाद-संभल जिले के अध्यक्ष रहे हैं, जबकि पार्टी में इनका प्रवेश जिला मंत्री पद पर हुआ। साल 2012 में संगठन के जिलाध्यक्ष बनाए गए। साल 2014 के आम चुनाव में पश्चिमी यूपी की चर्चित संभल लोकसभा क्षेत्र से सांसद निर्वाचित हो गए।
यह दीगर बात है कि वर्ष 2019 के चुनाव में पार्टी ने सैनी को मैदान में नहीं उतारा। लेकिन, 2022 के स्थानीय निकाय के चुनाव में विधान परिषद सदस्य पद का उम्मीदवार बना दिया। जिसमें सैनी रिकॉर्ड मत पाकर निर्वाचित हुए। अब 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियों को केंद्र में रखकर वह अपनी हर गतिविधि को पूरा करेंगे। 18 साल तक आरएसएस से जुड़े रहने वाले सैनी का मानना है कि सबका साथ-सबका विकास और सब का प्रयास का नारा अगले चुनाव में पार्टी को कामयाबी देगा।
कहते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी कोशिशें और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शासन से जनता प्रसन्न है। बिना भेदभाव के जन कल्याण के कार्यक्रम संचालित हैं, इसका लाभ लेकर पार्टी फिर नरेंद्र मोदी की अगुवाई में सत्तासीन होगी। वह कहते हैं कि हम मूल रूप से पार्टी के कार्यकर्ता हैं। बूथ सशक्तिकरण अभियान को असरदार बनाते हुए अपनी समितियों को मजबूत करेंगे।
सतपाल की ताजपोशी से भाजपाई प्रसन्न
मुरादाबाद। मुरादाबाद से विधान परिषद सदस्य सतपाल सैनी को संगठन में प्रदेश उपाध्यक्ष का दायित्व मिला है। उनके प्रदेश उपाध्यक्ष बनने पर पार्टी पदाधिकारियों में खुशी है। महानगर अध्यक्ष धर्मेन्द्र नाथ मिश्रा, महिला मोर्चा की महानगर अध्यक्ष डा.विजय लक्ष्मी पंडित ने खुशी जताई है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : जनप्रतिनिधियों ने मंत्री के सामने रखी समस्याएं, बिजली विभाग की सुस्ती पर तल्ख हुए जितिन प्रसाद
