बरेली जिला जेल से कोर्ट में पेशी के लिए बुलेटप्रूफ गाड़ी से प्रयागराज जाएगा अशरफ, पहुंची टीम
उमेशपाल अपहरणकांड में अतीक और अशरफ की होनी है पेशी, पुलिस ने किए कड़े सुरक्षा इंतजाम
बरेली। बसपा के विधायक रहे राजूपाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल का अपहरण कराने के मामले में आरोपी अशरफ को एमपी/एमएलए कोर्ट में मंगलवार को पेशी के लिए बरेली जिला जेल बरेली से प्रयागराज ले जाया जाएगा। रविवार को प्रयागराज की पुलिस टीम बरेली पहुंच गई। माफिया को यहां से बुलेटप्रूफ गाड़ी में ले जाया जाएगा। उसकी सुरक्षा के लिए कड़े बंदोबस्त किए गए हैं।
पुलिस कड़ी सुरक्षा में अशरफ को लेकर प्रयागराज रवाना होगी। उसे बुलेटप्रूफ गाड़ी में ले जाया जाएगा। माफिया अतीक ने 2006 में उमेश पाल का अपहरण कर उस पर अपने पक्ष में गवाही देने का दबाव बनाया था। इस मामले में अतीक और उसके भाई अशरफ को नामजद किया गया था। अतीक और अशरफ दोनों की 28 मार्च को प्रयागराज के एमपी/एमएलए कोर्ट में पेशी है। इस मामले में सुनवाई पूरी हो चुकी है इसलिए माना जा रहा है कि अदालत फैसला सुना सकती है।
अशरफ को जिला जेल से प्रयागराज पहुंचने तक लखनऊ से भी मॉनिटरिंग करने का इंतजाम किया गया है। बरेली से प्रयागराज के बीच वह पुलिस के कई स्तरीय सुरक्षा घेरे में रहेगा। पुलिस अधिकारियों ने यह साफ नहीं किया कि अशरफ को यहां से मंगलवार तड़के ले जाया जाएगा या सोमवार रात। उधर, अशरफ की निकासी के वक्त जेल में भी कड़े सुरक्षा इंतजाम रहेंगे।
जेल में शूटरों के अशरफ से मिलने की हो चुकी है पुष्टि
उमेश पाल की हत्या करने वाले शूटरों में कुछ 11 फरवरी को बरेली पहुंचकर अशरफ से जिला जेल में मिले थे। इस मामले में प्रयागराज के साथ बरेली की बिथरी चैनपुर पुलिस ने भी अशरफ और उसके गुर्गों के विरुद्ध रिपोर्ट लिखी थी। जांच में सामने आया था कि उमेश पाल हत्याकांड का षड्यंत्र अशरफ ने बरेली जिला जेल में ही रचा था। जांच में 11 फरवरी को हत्याकांड में शामिल गुर्गों के अशरफ से मिलने की पुष्टि भी हुई थी। इसके बाद जिला जेल में अशरफ की मदद करने के आरोपी जेल के सिपाही शिवहरि अवस्थी और मनोज गौड़ को जेल भेजा गया था। अशरफ का साला सद्दाम अब तक फरार है।
सद्दाम अपने गुर्गों के साथ सेटेलाइट पर करता था पार्टी
माफिया अशरफ का साला सद्दाम फरार चल रहा है। उमेश पाल हत्याकांड के पहले बारादरी क्षेत्र के फाइक एनक्लेव में रहता था जो सेटेलाइट स्थित एक होटल में गुर्गों के साथ अक्सर पार्टी करता था। जांच में अब तक करीब दो दर्जन से ज्यादा लोगों के साथ सेटेलाइट पर पार्टी करने के साक्ष्य मिल चुके हैं।
बता दें कि माफिया अतीक अहमद का भाई खालिद असीम उर्फ अशरफ करीब ढाई साल से बरेली जेल में बंद है। राजूपाल हत्याकांड में अतीक अहमद और अशरफ मुख्य आरोपी हैं। प्रयागराज में राजू पाल हत्याकांड के बाद गवाह उमेश पाल का अपहरण कर लिया गया था।
गौरतलब है कि उमेशपाल ने इस मामले में अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में 28 मार्च को सजा सुनाई जा सकती है। इसलिए अतीक अहमद के छोटे भाई अशरफ को भी पुलिस बरेली जेल से प्रयागराज ले जा सकती है। सूत्रों के मुताबिक सजा के एलान के समय वह अतीक अहमद के साथ कटघरे में मौजूद रहेगा।
ये भी पढ़ें- प्रयागराज: अतीक अहमद के खास गुर्गे अब्दुल कवि पर इनाम राशि बढ़ी
