हल्द्वानी: पेंशन फार्म पुरानी व्यवस्था से जमा करने की मांग
हल्द्वानी, अमृत विचार। समाज कल्याण विभाग में एक अप्रैल से पेंशन से संबंधित सभी आवेदन ऑनलाइन जमा होंगे। इसको लेकर लोगों ने विरोध शुरू कर दिया है। लोगों ने सहायक समाज कल्याण अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर पुरानी व्यवस्था से पेंशन फार्म जमा करने की मांग की।
मंगलवार को पूर्व सभासद शकील अहमद सलमानी के नेतृत्व में कई लोग तहसील पहुंचे। यहां उन्होंने पेंशन फार्म ऑनलाइन जमा के आदेश का विरोध करते हुए नारेबाजी की। सलमानी ने कहा कि ऑनलाइन फार्म जमा करने में लोगों को कई परेशानी उठानी पड़ेगी। इससे जहां गरीब लोगों पर आर्थिक भार पड़ेगा।
वहीं अशिक्षित लोगों को ई सेंटर के चक्कर लगाने पड़ेंगे। कहा कि राष्ट्रीय पारिवारिक सुरक्षा लाभ योजना के तहत विधवाओं के पहले 20 हजार रुपये दिये जाते थे, जिसे सरकार ने बंद कर दिया है।
विधवा की पुत्री के विवाह के लिए पूर्व में 50 हजार रुपये की राशि मिलती थी, लेकिन नियमों के कठोर होने से पात्रों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से पेंशन फार्म ऑनलाइन जमा करने के आदेश को वापस लेने तथा पेंशन नियमों को सरल बनाने की मांग की। कहा कि अगर मांग पूरी नहीं हुई लोग आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
