बरेली: अप्रैल के पहले सप्ताह से किला पुल पर दौड़ सकते हैं वाहन, गुरुवार से सड़क बनाने का काम हुआ शुरू

Amrit Vichar Network
Published By Moazzam Beg
On

बरेली, अमृत विचार। बरेली में किला पुल की मरम्मत का कार्य जनवरी में शुरू हुआ था, लेकिन धीमी रफ्तार के चलते अभी तक कार्य पूरा नहीं हो सका है। हालांकि अप्रैल के पहले सप्ताह से पुल से वाहनों के दौड़ने की संभावना जताई जा रही है। वहीं गुरुवार से पुल पर सड़क बनाने का काम भी शुरू हो गया है। साथ ही दूल्हा मियां की मजार की तरफ पुल पर व्यूकटर और एंगिल लगाने के अलावा रंग रोगन का काम भी जारी है।

दरअसल, किला पुल की जर्जर हालत को देखते हुए इस साल जनवरी की शुरुआत में पुल की मरम्मत का शुरू हुआ था। प्रशासन ने इसे प्राथमिकता से लिया और तीन महीने में पूरा करने का दावा किया था। लेकिन कभी बारिश तो कभी अन्य वजहों से लगभग तीन महीने में भी पुल पर काम अभी पूरा नहीं हुआ है। किला पुल की मरम्मत के दौरान दीवारों पर दोनों और निकल आए पीपल और नीम आदि के बड़े पेड़ों को तो काट दिया गया, लेकिन इनकी जड़ों को नहीं उखाड़ा गया है। जिसके चलते कुछ समय बाद यहां फिर से पेड़ उग सकते हैं। वहीं लंबे समय से चल रहे मरम्मत कार्य की वजह से पुल पर आवाजाही बंद है। जिसकी वजह से किला क्रॉसिंग पर रोजाना भीषण जाम लग रहा है। 

किला पुल निर्माण की वजह से दिल्ली रोड पर जाने वाले वाहन शाहमतगंज पुल से होकर डेलापीर चौराहा, आईवीआरआई पुल से मिनी बाईपास होते हुए गुजरते हैं। इसमें करीब एक घंटे का समय लगता है। इससे शहर का चक्कर लगाने से समय और धन भी ज्यादा खर्च हो रहा है। जबकि पुल शुरू होने से सफर 5 मिनट का रह जाएगा। दावा किया जा रहा है कि जल्द ही लोगों की इस परेशानी का समाधान हो जाएगा। धीमी रफ्तार के बाद अब काम की गति ने रफ्तार पकड़ी है। वहीं गुरुवार से सड़क बनाने का काम भी शुरू हो गया है और अप्रैल के पहले सप्ताह से किला पुल पर वाहनों का आवागमन शुरू होने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें- बरेली: 43 साल पहले अधिग्रहण सवा दो बीघा भूमि की क्षतिपूर्ति अब 26 लाख

 

संबंधित समाचार