नैनीताल: आंतरिक मार्गों की मरम्मत के लिए योजना शुरू
75 लाख रुपये की ग्रांट भी उपलब्ध
नैनीताल, अमृत विचार। नगर के खस्ताहाल आंतरिक मार्गों की हालत जल्द सुधरेगी। इसके लिए नगर पालिका ने आंतरिक मार्गों को दुरुस्त करने के लिए प्रस्ताव बनाना शुरू कर दिया है। इसके लिए उन्हें 15वें वित्त आयोग के तहत 75 लाख रुपये की ग्रांट भी उपलब्ध हो गई है।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी आलोक उनियाल ने बताया कि नगर पालिका आंतरिक मार्गों की मरम्मत के लिए योजना बनाने की तैयारी कर रही है। कई वर्षों से शहर के आंतरिक मार्ग बदहाल अवस्था में पड़े हैं, जिनमें आए दिन हादसे होते रहते हैं।
उन्होंने बताया कि इसके लिए 15 वें वित्त आयोग के अंतर्गत पालिका को 75 लाख रुपये की ग्रांट उपलब्ध हुई है। अनटायड फंड के तहत मिली इस ग्रांट से पालिका जरूरी सामग्री खरीदेगी और साथ ही कुछ निर्माण कार्य भी कराएगी। बताया कि बजट से ठेकेदारों के लंबित भुगतान के साथ ही शहर के आंतरिक मार्गों को दुरुस्त करने का काम किया जाएगा। जिससे बदहाल सड़कों की हालत सुधर सके।
