काशीपुर: चैती मेले से लौट रहे परिवार पर दबंगों ने किया हमला
काशीपुर, अमृत विचार। चैती मेले में प्रसाद चढ़ाकर परिवार के साथ वापस घर लौट रहे लोगों पर दबंगों ने हमला कर दिया। हमलावरों पर महिलाओं से अभद्रता कर 20 हजार रुपये की नकदी लूटने का भी आरोप है। पीड़ित ने पुलिस को एक नामजद समेत चार लोगों के खिलाफ तहरीर सौंपी है।
थाना ठाकुरद्वारा के ग्राम उदैरावाला निवासी रवि कुमार ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 30 मार्च की शाम वह अपनी पत्नी लता कुमारी, साले रोहित कुमार व उसकी पत्नी प्रीति कुमारी और अपने दो बच्चों के साथ चैती मेले में प्रसाद चढ़ाकर घर वापस जा रहा था।
तभी टांडा रेलवे क्रॉसिंग पर बुलेट बाइक पर सवार एक व्यक्ति व उसके तीन अज्ञात साथियों ने उसकी कार को रोका और उन पर डंडो से हमला कर दिया। आरोप है कि इस दौरान हमलावरों ने महिलाओ से अभद्रता की और उसकी जेब में रखी करीब 20 हजार की नकदी व जरूरी दस्तावेज लूट लिये।
आरोप है कि हमलावरों ने महिलाओं से आभूषण छीनने का प्रयास भी किया और पुलिस में शिकायत करने पर परिवार सहित जान से मारने की धमकी भी दी। बताया कि मुख्य आरोपी आपराधिक किस्म का व्यक्ति है। पुलिस ने तहरीर अनुसार मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।
