Kanpur Fire : आग में जले भवन किए जाएंगे ध्वस्त, KDA ने नक्शों की शुरू की जांच, नपेंगे दोषी अधिकारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

Kanpur Bansmandi Wholesale Market Fire कानपुर में केडीए ने बांसमंडी में बने सभी भवनों के नक्शों की जांच शुरू की।

Kanpur Bansmandi Wholesale Market Fire कानपुर में केडीए ने बांसमंडी में बने सभी भवनों के नक्शों की जांच शुरू की। आग में जले भवन ध्वस्त किए जाएंगे। मानकों के विपरीत बने भवनों पर कार्रवाई होगी। इसमें दोषी अधिकारी भी नपेंगे।

कानपुर, अमृत विचार। Kanpur Bansmandi Wholesale Market Fire बांसमंडी स्थित रेडीमेड गारमेंट कांप्लेक्स में भड़की आग दूसरे दिन भी धधकती रही। इस बीच कानपुर विकास प्राधिकरण ने जिन कांप्लेक्स को आग ने अपनी चपेट में लिया है, उनके साथ ही आसपास बने भवनों के नक्शों की जांच शुरू कर दी है। ऐसी चर्चा है कि आग से जिन भवनों को ज्यादा नुकसान पहुंचा है, उन्हें सुरक्षा की दृष्टि से पूरी तरह ध्वस्त किया जाएगा। 
 
मानकों के विपरीत बनाए गए कांप्लेक्स में इतनी बड़ी संख्या में दुकानों को बनाने की अनुमति कैसे मिली खुद केडीए अफसरों को नहीं पता है। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत के बिना इस तरह का निर्माण संभव नहीं है, इसलिए केडीए वीसी अरविंद सिंह ने विभागीय जांच भी शुरू की है। इसे लेकर कई अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रवर्तन दस्ते ने खोदे जा रहे बेसमेंट के अलावा अन्य जगह बन रही इमारतों का कार्य रुकवा दिया है। अवैध निर्माण को लेकर नोटिस दी जा रही है।
 
केडीए के विशेष कार्याधिकारी अवनीश सिंह ने बताया कि कांपलेक्स की इमारतें 25 साल पुरानी हैं। इनके नक्शे पास होंगे। टीम लगाकर इन इमारतों के अलावा आसपास की इमारतों की जांच करायी जा रही है।
 

मानक के विपरीत तन रहीं इमारतें

शहर में मानकों को ताक पर रखकर इमारतें खड़ी की जा रही हैं। कई जगह तो नक्शा भी पास नहीं है। कोपरगंज इलाके में भी ऐसे कई कांप्लेक्स बनकर तैयार हो गए हैं। मानकों को दरकिनार कर छोटी-छोटी दुकानें बनाई गई हैं। इन दुकानों तक पहुंचने के लिए संकरे रास्ते हैं। जहां ना तो अग्निशमन यंत्र लगे हैं और ना ही आग बुझाने के इंतजाम किए गए हैं। 
 
भवनों के नक्शों की जांच की जा रही है। मानकों के विरुद्ध बने भवनों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए अधिकारियों की टीम बनाई गई है।- अरविंद सिंह, उपाध्यक्ष, केडीए
 
 

 

संबंधित समाचार