टैक्स की वसूली में बरेली नगर निगम नंबर वन, 112.27 करोड़ रुपये का टैक्स वसूला
पिछले साल से 74.46 प्रतिशत ज्यादा वसूली, टैक्स विभाग को दिया श्रेय
बरेली, अमृत विचार। बरेली नगर निगम ने प्रदेश के 17 नगर निगमों में इस बार सबसे ज्यादा टैक्स की वसूली की है। इस वित्तीय वर्ष में शासन ने बरेली निगम के लिए 67.17 करोड़ का लक्ष्य तय किया था जबकि निगम ने 112.27 करोड़ के टैक्स की वसूली की है। पिछले साल की तुलना में यह 74.46 प्रतिशत ज्यादा है।
यह भी पढ़ें- बरेली: नाबालिग के साथ दुष्कर्म मामले में सुनाया फैसला, आरोपी को 10 साल की सजा
नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स ने कर एवं करेत्तर वसूली में बरेली के पहले नंबर पर आने की उपलब्धि का श्रेय संपत्ति कर एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ करदाताओं को भी दिया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021-22 के सापेक्ष इस बार 47.91 करोड़ की ज्यादा वसूली की गई है। सोमवार रात लखनऊ से प्रदेश के 17 नगर निगमों में टैक्स वसूली की सूची जारी की गई जिसमें बरेली पहले नंबर पर है। झांसी नगर निगम 64.94 फीसदी वसूली के साथ दूसरे नंबर पर है।
बता दें कि निवर्तमान नगर आयुक्त अभिषेक आनंद के कार्यकाल में टैक्स विभाग में कई अनियमितताओं के साथ कई व्यावसायिक भवनों पर टैक्स न लगने का मामला सामने आया था। ऐसे भवनों की जांच कराने के बाद उनसे टैक्स की वसूली की गई। उन भवनों पर टैक्स का पुनर्निर्धारण हुआ, जहां से नगर निगम को कम टैक्स मिलता था।
यह भी पढ़ें- बरेली: ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि के साथ जर्जर लाइनें होंगी ठीक, 56 करोड़ 57 लाख रुपये किए जाएंगे खर्च
