संभल : पत्नी-बेटी को ही दी जेल भेजने की धमकी तो युवक ने खा लिया जहर, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
संभल/चंदौसी, अमृत विचार। कुढ़फतेहगढ़ थाने के बाहर ग्रामीण द्वारा जहर खाकर जान देने के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस ने पीड़ित परिवार की तरफ से दी गई तहरीर को ठंडे बस्ते में डालकर पहले आरोपी की तहरीर पर उसके बेटे के खिलाफ मामला दर्ज किया। परिजनों का कहना है कि पुलिस बेटी व पत्नी को जेल भेजने की धमकी दे रही थी। इसी से आहत होकर ग्रामीण ने जहर खाकर जान दे दी।
मृतक की पत्नी का कहना है कि आरोपी अतर सिंह उनसे पहले थाने पहुंच गया था। ऐसे में जब वह अपनी फरियाद लेकर पहुंचे तो पुलिस उनकी सुनने के बजाये लगातार धमका रही थी। पुलिस वाले कह रहे थे कि उन्हें और उनकी बेटी को भी जेल भेजेंगे। बार-बार समझौता करने का दबाव बना रहे थे। मेरे पति को सुबह से भूखा-प्यासा थाने पर बैठा रखा था। जब पुलिस का दबाव नहीं माना तो पुलिस वालों ने बेटे और दो भतीजों के खिलाफ ही एफआईआर दर्ज कर ली। मृतक की पत्नी के बताया कि जब पुलिस नाइंसाफी पर उतर आई और उनकी बात नहीं सुनी तो पति न जाने कहां से जहरीला पदार्थ ले आये और थाने के बाहर ही खा लिया।
साहब दबंग ने कर रखा है जीना दुश्वार
पति के शव के साथ संभल जिला संयुक्त चिकित्सालय आई महिला ने बताया कि आरोपी की यह पहली हरकत नहीं है। उसने हमारा जीना दुश्वार कर रखा है। दो-तीन माह बाद किसी न किसी बात पर झगड़ा करता है और फिर अपने रिश्तेदारों को बुलाकर फैसला करने पर मजबूर कर देता है। आरोप लगाया कि एक साल पहले बेटे की पत्नी को जबरन चंडीगढ़ से अपने साथ ले आया था।
कुढ़फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के गांव में दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ छेड़खानी व मारपीट के आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। मृतक थाने आया था, तब शराब के नशे में था। इसके बाद पता चला कि उसने बाहर जाकर कुछ खा लिया है। उसकी मौत हो गई है। चंद्र ने बताया कि इस मामले में आरोपियों अतर सिंह और जगत पाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें : संभल: अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का खुलासा, चार कार बरामद
