बरेली पहुंचे दुर्विजय सिंह शाक्य, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एपी कुट्टी बोले- PM मोदी का गलत दुष्प्रचार चल रहा
बरेली,अमृत विचार। दुर्विजय सिंह शाक्य को भाजपा में ब्रज क्षेत्र का अध्यक्ष बनाया गया है। बुधवार को बरेली के आईएमए हॉल में अभिनंदन कार्यक्रम किया गया। इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एपी कुट्टी भी पहुंचे। एपी कुट्टी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार लगातार देश हित में काम कर रही है। एपी कुट्टी ने कहा कि संगठन ने दुर्विजय सिंह शाक्य को बड़ी जिम्मेदारी दी है। भगवान दुर्विजय सिंह शाक्य को अच्छा काम करने की शक्ति दे।
उन्होंने योगी-मोदी की सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार ने यूपी को नंबर एक होने का काम किया है। यूपी में बड़ी-बड़ी कंपनी आ रही हैं जो यहां बड़ा निवेश करने को तैयार हैं। योगी सरकार से पहले यूपी की कानून व्यवस्था चौपट थी। योगी-मोदी के राज्य में यूपी में कानून व्यवस्था बेहतर हुई है। कुट्टी ने यह भी कहा कि सारे देश में दुष्प्रचार चल रहा है कि मोदी मुस्लिमों के खिलाफ हैं। यह बिल्कुल गलत है। भाजपा की विचारधारा है कि मुस्लिम हिन्दू भारत माता की संतान हैं।
एपी कुट्टी ने कहा, यूपी में इन्वेस्टर्स सम्मेलन कार्यक्रम से नई पहचान बनी है। आज यूपी की छवि पूर्व की तुलना में सुधरी है। सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश में प्रदेश आगे बढ़ रहा है। यूपी में आज कानून का राज स्थापित हुआ है। इससे पहले की सरकारों में यह नहीं था। बरेली में हमेशा ही बहुत पहचान दी है।
कार्यक्रम के अंत मे दुर्विजय सिंह ने सभी को धन्यवाद करते हुए कहा कि बरेली मेरी कर्मभूमि है। यहां के लोगों का हमेशा मुझे प्यार मिला है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी है। वह जिम्मेदारी को निभाते हुए हर बूथ को मजबूत करने का काम करेंगे। छह नगर निगम उनके क्षेत्र में आते हैं। भाजपा का नारा रहा है 'सबका साथ सबका विकास'। सबको साथ में लेकर काम किया जाएगा। बूथों को मजबूत किया जाएगा। इसी के साथ ही 11 लोकसभा सीटों को जीतने का उनका लक्ष्य है। वह भाजपा के दायित्व को पूरी तरह से निर्वहन करेंगे।
आईएमए हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एपी कुट्टी मुख्य अतिथि रहे। दुर्विजय शाक्य ने कहा कि यूपी में इस समय निकाय चुनाव की तैयारियां हैं। हम सभी कार्यकर्ता इसमें लगे हुए हैं। मुझे जो जिम्मेदारी मिली है, उसके बाद सभी का आभार। इन चुनाव में पूरी ताकत के साथ सभी काम करेंगे। अभिनंदन समारोह कार्यक्रम में आईएमए हॉल में भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से एपी कुट्टी और दुर्विजय सिंह शाक्य को माला भेंट की। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ता और अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।
ये भी पढे़ं- बरेली : 260 से लेकर 1200 रुपए किलो तक बिक रहा खजूर, जानिए इसे खाने के फायदे
