Kanpur Dehat: भतीजे ने चाची को पाटी मारकर उतारा मौत के घाट, पेयजल पाइप लाइन की टोटी लगाने को लेकर हुआ था विवाद
कानपुर देहात में भतीजे ने चाचा की पाटी मारकर हत्या कर दी।
कानपुर देहात के रसूलाबाद थानाक्षेत्र के जोत गांव में पेयजल पाइप लाइन लगाने को लेकर हुए विवाद में भतीजे ने चाचा की पाटी मारकर हत्या कर दी। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस व फोरेंसिंक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए।
कानपुर देहात, अमृत विचार। रसूलाबाद थाना क्षेत्र के जोत गांव में खेत से गेहूं काट कर लौटे दो सगे भाइयों में पेयजल पाइप लाइन की टोटी लगाने को लेकर विवाद हो गया। मारपीट के दौरान बड़े भाई के बेटे ने नल पर नहा रही चाची के सिर पर लकड़ी की पाटी मारकर हत्या कर दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस व फोरेंसिंक टीम ने छानबीन साक्ष्य जुटाए है।
जोत गांव निवासी रामनरेश संखवार बुधवार की दोपहर अपने खेत से गेहूं काट कर घर लौटा था। इसी दौरान गांव में बन रही सरकारी पानी टंकी की पाइप लाइन से कनेक्शन लेने के लिए रमेश घर के दरवाजे पर टोटी लगवा रहा था। बगल में ही रहने वाले उसके सगे भाई रामनरेश की पत्नी चंदा देवी ने टोटी लगवाने से रमेश को मना किया और कहा कि इससे रास्ते में कीचड़ होगा।
इसी को लेकर दोनों भाइयों में विवाद होने लगा। वाद-विवाद में रामनरेश व उसकी पत्नी चंदा देवी को भाई रमेश, उसकी पत्नी मीरा, पुत्र किशन, उसकी पत्नी सोनम, संजू व पत्नी रीता व सुदामा आदि मारपीट करने लगे। जिसमें रमेश के पुत्र किशन ने दरवाजे लगे इंडियामार्का हैंडपंप पर नहाने जा रही चाची चंदा देवी (45) के सिर पर लकड़ी की पाटी मार दी। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर यूपी 112 पुलिस मौके पर पहुंची। चंदा देवी की मौत पर पति रामनरेश, पुत्र देवेंद्र, दीपक, आनंद पुत्रिया सोनी व वंदना का रो-रो कर बुरा हाल रहा। वहीं जानकारी पर सीओ आशा पाल सिंह, थाना प्रभारी राम गोविंद मिश्र व अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंचा और फोरेंसिंक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य संकलित कराए गए। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की तहरीर मिलने पर आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पेयजल पाइपलाइन के विवाद को लेकर सगे भाईयों में विवाद हुआ था। जिसमे एक भाई के बेटे ने चाची के सिर में डंडा मार दिया। जिससे महिला की मौत हुई है। परिजनों की तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की जाएगी।- राजेश पांडेय (अपर पुलिस अधीक्षक)
सगे भाईयों के परिवारों में पहले से था मनमुटाव
जोत गांव निवासी सगे भाई रामनरेश संखवार व रमेश के परिवारों के बीच पहले से ही मनमुटाव चल रहा था। लोगों में चर्चा रही कि दोनों परिवारों के बीच बोलचाल बंद थी। बुधवार को रमेश घर के किनारे पेयजल की टोंटी लगवा रहा था। जिसका रामनरेश की पत्नी चंदा देवी ने विरोध किया था। इसी खुन्नस में रमेश के बेटे ने पाटी चंदा देवी के सिर में मार दी। जिससे उनकी मौत हो गई।
आरोपी ने परिवार समेत अंदर से लगाई दरवाजे की कुंडी
चाची की हत्या करने के बाद आरोपी भतीजे किशन ने परिवार समेत खुद को अंदर से बंद कर दरवाजे पर कुंडी लगा ली। देर शाम तक पुलिस दरवाजा खुलवाने का प्रयास करती है। लोगों में चर्चा रही कि आरोपी के घर के पीछे की तरफ से भी रास्ता होने के कारण सभी वहां से निकल कर फरार हो गए।
बेटे के आने तक शव उठाने से किया मना
पानी की टोंटी लगाने के विवाद में चंदा देवी की मौत के बाद पुलिस ने परिजनों को तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करने की आश्वासन दिया, लेकिन परिजन मृतका के दिल्ली में रहने वाले बेटे देवेंद्र के गांव आने तक शव न उठने देने की जिद पर अड़ गए। परिजनों ने बताया कि बेटे ने जानकारी दी है कि वह रास्ते में है और जल्द ही पहुंच जाएगा।
