हनुमान जयंती : कल रूट प्लान देखकर निकलें शहर में
शोभा यात्रा रूट पर भारी वाहनों के प्रवेश पर लगाई पाबंदी
शोभा यात्रा के दौरान प्रभावित रहेंगे शहर के सभी मुख्य मार्ग
हल्द्वानी, अमृत विचार। हनुमान जयंती पर शहर में विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी और इस दौरान शहर की लगभग प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित रहेगा। इसको लेकर पुलिस ने डायवर्जन प्लान जारी किया है।
पुलिस के मुताबिक शोभा यात्रा शीशमहल काठगोदाम से निकाली जाएगी। शोभा यात्रा के अवसर पर यात्रा मार्ग में पड़ने वाले ट्रैफिक को आवश्यकतानुसार रोका जाएगा। जिसके तहत पर्वतीय क्षेत्र से आने वाले वाहन नारीमन तिराहे से गौला बाईपास होते हुए जाएंगे।
जब शोभायात्रा शीशमहल से प्रस्थान करेगी तो सभी छोटे वाहन कॉलटेक्स से पुराना फायर स्टेशन, पनचक्की से मुखानी और लालडांट होते हुए जाएंगे। यात्रा के हाईडिल गेट तिराहे को पास करने पर सभी छोटे वाहन हाईडिल गेट से पनचक्की से मुखानी होते हुए लालडांट की ओर जाएंगे।
यात्रा के डिग्री कॉलेज तिराहा पास करने पर छोटे वाहन महारानी होटल से कुल्यालपुरा चौराहा और नवाबी रोड होते हुए पानी की टंकी की ओर जाएंगे। नैनीताल बैंक तिराहा पास करने पर छोटे वाहन नैनीताल बैंक तिराहे से अर्बन बैंक तिराहा होते हुए जाएंगे। जब शोभायात्रा सिंधी चौराहे से आईटीआई तिराहे की ओर जाएगी, तब छोटे वाहन सिंधी चौराहे से बरेली रोड की ओर जाएंगे और रामपुर रोड से आने वाले छोटे वाहन आईटीआई तिराहे से कैंसर अस्पताल तिराहा, धानमिल तिराहा होते हुए जाएंगे।
इसी तरह शोभायात्रा के आईटीआई तिराहे से धानमिल तिराहे की जाने पर रामपुर रोड से आने वाले छोटे वाहन आईटीआई तिराहे से सिंधी चौराहे की तरफ जाएंगे। यात्रा जब मुखानी चौराहे से नहर कवरिंग रोड से पनचक्की चौराहे की ओर जाएगी, पनचक्की चौराहे से मुखानी चौराहे की ओर जाने वाले छोटे वाहन दो नहरिया तिराहा, पानी की टंकी से होते हुए कुल्यालपुरा से तिकोनिया और नवाबी रोड होते हुए गुजरेंगे। इस दौरान रामपुर रोड से आने वाले सभी बड़े वाहन टीपी नगर तिराहे से होंडा शोरूम होते हुए तीनपानी बाईपास होकर गुजरेंगे। जबकि बरेली रोड से आने वाले बड़े वाहन तीनपानी बाईपास से गौला बाईपास होकर जाएंगे।
