काशीपुर: विदेश भेजने के नाम पर महिला को लगाया लाखों का चूना
काशीपुर, अमृत विचार। एक महिला ने सास व दामाद सहित तीन लोगों पर विदेश भेजने के नाम पर उसके 21 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। साथ ही आरोपियों पर रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने कोर्ट के आदेश के बाद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
न्यायालय को दिए प्रार्थना पत्र में ग्राम कीरतपुर कल्लूवाला, रेहड़, धामपुर, जिला बिजनौर निवासी लखविंदर कौर ने बताया कि वह काशीपुर में ग्राम शिवलालपुर डल्लू में अपने रिश्तेदार हरजीत सिंह के घर पर रहकर पढ़ाई कर रही है, और उसके आईलेट्स में अच्छे अंक आए हैं। उसने बताया कि उसके ससुर कुलविंदर सिंह की रिश्तेदार सतविंदर कौर निवासी ग्राम कचनाल गुंसाई से है। जिसने उनके ससुर को बताया कि उनका दामाद बलवंत सिंह उर्फ बल्लू निवासी ग्राम कचनाल गुसांई लोगों को विदेश भेजने का कार्य करता है और उनके घर पर ही रहता है।
उसका काशीपुर में फ्लाई ओवरसीज के नाम से काशीपुर में कार्यालय भी है। बताया कि उसके पति दलजीत सिंह ने अपने एक मित्र पवनदीप सिंह निवासी ग्राम मिस्सरवाला थाना कुंडा से फ्लाई ओवरसीज के बारे में जानकारी ली तो उन्होंने उसके संचालक बलवन्त को सगा चचेरा साला बताया। पीड़िता के अनुसार तीनों ने उनको व उनके परिवार को विश्वास में लेकर विदेश में पढ़ाई के नाम पर 27 लाख रुपये का खर्च बताया।
जो उन्होंने आरोपियों के बताए अनुसार समय-समय पर उनको करीब 21 लाख 7 हजार रुपये का भुगतान कर दिया। जिसके बाद बलवंत ने उनके पति के मोबाइल पर एक ऑफर लेटर व फीस जमा की रसीद भी दी। इस दौरान उनके पति फाइल का स्टेटस पता करने का प्रयास किया तो बलवंत उन्होंने टहलाते रहा। दो-तीन महीने बीतने के बाद उनके पति ने अन्य जानकारों को ऑफर लेटर व रसीद दिखाई तो उन्होंने उसको फर्जी बताया।
जिस पर उन्हें ठगी को एहसास हुआ। जिसके बाद उन्होंने उन तीनों से रुपये वापस मांगे तो उन्होंने एक माह का समय मांगा। लेकिन एक माह बाद भी रुपये वापस नहीं किये और बाद में जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने सतविंदर कौर, बलवंत सिंह और पवनदीप सिंह पर अपने 21.07 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत भी की। लेकिन कोई कार्यवाही नहीं होने के बाद पीड़िता को मजबूरन कोर्ट की शरण लेनी पड़ी। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
