देश में कोरोना मामले 28.31 लाख के पार, रिकवरी दर 74 फीसदी के करीब

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। देश में बुधवार देर रात तक कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमण के 65 हजार से अधिक नये मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या 28.31 लाख के पार पहुंच गयी। वहीं 949 और मरीजों की मौत होने से मृतकाें की तादाद 54 हजार के करीब पहुंच गयी। राहत की बात यह है कि मरीजों …

नई दिल्ली। देश में बुधवार देर रात तक कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमण के 65 हजार से अधिक नये मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या 28.31 लाख के पार पहुंच गयी। वहीं 949 और मरीजों की मौत होने से मृतकाें की तादाद 54 हजार के करीब पहुंच गयी। राहत की बात यह है कि मरीजों के स्वस्थ होने की दर 74 फीसदी के पास पहुंच गयी है।

विभिन्न राज्यों से मिली जानकारी के अनुसार आज देर रात तक 65,094 नये मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या 28,31,720 हो गयी तथा मृतकों की संख्या 53,964 हो गयी है। स्वस्थ होने वालों की अपेक्षा नये मामलों की दर में निरंतर हो रही वृद्धि के कारण सक्रिय मामलों में फिर से आज 10,314 की वृद्धि दर्ज की गयी जिससे इनकी संख्या बढ़कर 6,86,828 हो गयी।

राहत की बात यह है कि इस दौरान 53,696 लोगों के स्वस्थ होने से संक्रमण मुक्त हाेने वालों की संख्या भी 20,90,399 पर पहुंच गयी। इस प्रकार स्वस्थ होने वाले मरीजों की दर बढ़कर आज 73.82 फीसदी हो गयी जो मंगलवार को 73.62 प्रतिशत थी जबकि मृत्यु दर घटकर 1.90 फीसदी रह गयी।

राज्यों से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक महाराष्ट्र में सबसे अधिक 13,165 मामले सामने आये। इसके बाद आंध्र प्रदेश में 9652, कर्नाटक में 8642, तमिलनाडु में 5795, उत्तर प्रदेश में 5076, पश्चिम बंगाल में 3169, बिहार में 2884, ओडिशा में 2589, केरल में 2333, पंजाब में 1683, दिल्ली में 1398 तथा गुजरात में 1145 नये मामले दर्ज किये गये।

कोरोना महामारी से सबसे गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान रिकॉर्ड 13,165 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या बुधवार रात बढ़कर 6,28,642 हो गयी। चिंता की बात यह है कि स्वस्थ होने वाले मरीजों की दर में आंशिक गिरावट और सक्रिय मामलों में वृद्धि दर्ज की गयी है। राज्य में इस दौरान 9,011 मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमण से मुक्ति पाने वालों की संख्या भी 4,46,881 हो गयी है। इस दौरान 346 मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 21,033 हो गयी है।

राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर आज आंशिक गिरावट के साथ 71.08 फीसदी हो गयी जो मंगलवार को बढ़कर 71.14 प्रतिशत हो गयी थी जबकि मरीजों की मृत्यु दर आंशिक गिरावट के साथ 3.34 प्रतिशत पर आ गई। चिंता की एक और बात यह है कि राज्य में आज सक्रिय मामलों में 3,805 की वृद्धि दर्ज की गयी। राज्य में कुल सक्रिय मामलों की संख्या आज 1,60,413 रही जो मंगलवार को 1,56,608 थी।

आंध्र प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामले बढ़कर 86,725 हो गए हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान 9,742 नये मामले सामने आने से आज कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,16,003 हो गयी है। इस दौरान 86 और लोगों की मौत के बाद मृतकों का आंकड़ा 2,906 पहुंच गया है। इस अवधि में 8,061 मरीजों के स्वस्थ होने से रोग मुक्त लोगों की संख्या दो लाख के पार होकर 2,26,372 पहुंच गयी है।

कर्नाटक में संक्रमितों की संख्या दो लाख को पार कर बढ़कर 2,49,590 हो गयी है। संक्रमण से मुक्ति पाने वालों की संख्या 1,64,150 हो गयी है और मृतकों की संख्या बढ़कर 4,327 हो गयी है और राज्य में सक्रिय मामले 81,097 है। तमिलनाडु में कोरोना के 5,795 नये मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,55,449 हो गयी है। इस दौरान 6384 मरीजों के स्वस्थ होने से रोगमुक्त लोगों की संख्या बढ़कर 2,96,171 हो गयी है। राज्य में सक्रिय मामलों की संख्या 53,155 सक्रिय मामले हैं। राज्य में इसी अवधि में 116 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 6,123 हो गयी है।

आबादी के हिसाब से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में सक्रिय मामले 49,645 हो गये हैं तथा इस महामारी से 2638 लोगों की मौत हुई है जबकि 1,15,227 मरीज ठीक हुए हैं। दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी के 1398 नए मरीज सामने आए जिसके बाद यहां संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,56,139 हो गई। इसी अवधि में नौ मरीजों की मौत हुई और कुल मौत का आंकड़ा 4235 हो गया। दिल्ली में कोरोना रिकवरी दर अब 90.11 फीसदी हो गई है।

सक्रिय मामलों में इसके बाद देश के पूर्वी राज्य पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस के मामले बढ़कर 27,535 सक्रिय मामले हैं तथा 2,528 लोगों की मौत हुई है, वहीं अब तक 92,690 लोग स्वस्थ हुए हैं। इसके बाद बिहार का स्थान है, जहां यह संख्या कम हो कर 27,612 हो गयी है। राज्य में 568 लोगों की मौत हुई है जबकि 84,578 लोग संक्रमण मुक्त भी हुए हैं।

तेलंगाना में कोरोना के 20,990 सक्रिय मामले हैं और 719 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 73,991 लोग इस महामारी से ठीक हुए हैं। गुजरात में सक्रिय मामले बढ़कर 14,320 रह गए हैं तथा 2,837 लोगों की मौत हुई है। राज्य में 64,930 लोग इस बीमारी से स्वस्थ भी हुए हैं।

कोरोना महामारी से अब तक मध्यप्रदेश में 1159, राजस्थान में 908, पंजाब में 920, हरियाणा में 567, जम्मू-कश्मीर में 572, ओडिशा में 425, झारखंड में 265, असम में 203, उत्तराखंड में 178, केरल में 183, छत्तीसगढ़ में 161, पुड्डुचेरी में 129, गोवा में 124, त्रिपुरा में 65, चंडीगढ़ में 31, अंडमान निकाेबार द्वीप समूह में 30, हिमाचल प्रदेश में 20, मणिपुर में 18, लद्दाख में 17, नागालैंड में सात, मेघालय में छह, अरुणाचल प्रदेश में पांच, दादर-नागर हवेली एवं दमन-दीव में दो तथा सिक्किम में दो लोगों की मौत हुई है।

संबंधित समाचार