काशीपुर: फर्जी शिक्षक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बीए तृतीय वर्ष की मार्कशीट हेरफेर कर नौकरी पाने का आरोप 

काशीपुर, अमृत विचार। फर्जी मार्कशीट के माध्यम से शिक्षा विभाग में नौकरी पाने वाले शिक्षक के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शिक्षक पर बीए की अंकतालिका में कूटरचित तरीके से फर्जीवाड़ा करने का खंड शिक्षा अधिकारी ने आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी थी। जिसके आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की।

खंड शिक्षा अधिकारी रणजीत सिंह नेगी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्हें जिला शिक्षा अधिकारी प्रा. शि. ऊधमसिंह नगर के कार्यालय से हरनाम सिंह सहायक अध्यापक, राजकीय प्राथमिक विद्यालय सीतारामपुर काशीपुर द्वारा बीए तृतीय वर्ष के प्रमाण पत्र पर कूटरचना कर धोखाधड़ी से राजकीय सेवा प्राप्त करने के दृष्टिगत विधिक कार्रवाई किए जाने के संबंध में निर्देश प्राप्त हुए हैं।

जिसके क्रम में उन्होंने संबंधित अध्यापक के खिलाफ बीए तृतीय वर्ष के अंकपत्र पर कूटरचित तरीके से धोखाधड़ी करने और उसके आधार पर राजकीय सेवा का लाभ लेने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर अनुसार शिक्षक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, विभाग शिक्षक को पूर्व में ही नौकरी से बर्खास्त कर चुका है।

 

संबंधित समाचार