हल्द्वानी: हटाए गए उपनल कर्मियों की जल्द बहाली की मांग
हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड उपनल संविदा कर्मचारी संघ का तृतीय द्विवार्षिक अधिवेशन एमबीपीजी कॉलेज के सभागार में आयोजित हुआ। जिसमें राज्य कर के 55 कर्मचारियों की बहाली व अन्य मांगों के शीघ्र समाधन की मांग उठाई गई।
शुक्रवार को अधिवेशन का शुभारंभ विधायक लालकुआं डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, पूर्व दर्जा राज्यमंत्री डॉ. अनिल कुमार डब्बू व प्राचार्य डॉ. एनएस बनकोटी ने दीप जलाकर किया। इस मौके पर विधायक ने कहा कि उपनल कर्मी प्रदेश की रीढ़ की हड्डी हैं। राज्य कर विभाग से कर्मचारियों को नौकरी से हटाना कहीं न कहीं दुखद है।
उन्होंने शीघ्र कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल को मुख्यमंत्री से मिलवाने तथा जायज मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रमेश शर्मा ने हटाए गए कर्मचारियों को बहाल करने, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष नितिन कुमार ने कर्मचारियों के मासिक वेतन में 20 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी करने व प्रदेश महामंत्री प्रमोद गुसाई ने विभिन्न विभागों में कार्यरत उपनल कर्मियों के लिए वन टाइम सेटेलमेंट नियमितीकरण नियमावली बनाने की मांग की। अधिवेशन में नीरज हेड़िया, मनोज गड़कोटी, अचल वर्मा, योगेश भाटिया, नरेश थपलियाल, अनिल कोठियाल समेत विभिन्न जपदों से आये उपनल कर्मचारी मौजूद थे।
