प्री पर्यटक सीजन अलर्ट : हल्द्वानी से नैनीताल का रोडवेज किराया 85 ₹ और टैक्सी में 300 ₹

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। लगातार तीन दिन अवकाश होने के चलते शनिवार को भी नैनीताल जाने वाले पर्यटकों की बहुत अधिक भीड़ रही।  बीते शुक्रवार को नैनीताल में दोपहर बाद शहर से आठ किलोमीटर की दूरी पर हल्द्वानी रोड में रूसी बाईपास व कालाढूंगी रोड पर नारायण नगर में पर्यटक वाहनों को रोका गया था।

वाहनों की संख्या बढ़ने से बाईपास पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। शनिवार को शहर के बस स्टेशन पर नैनीताल जाने वाले यात्री बसों में सीट पाने को लेकर जद्दोजहद करते नजर आए। बस स्टेशन में नैनीताल जाने वाली बसें खचाखच भरी हुई नजर आई। कुछ यात्री बस में सीट न मिलने पर निराश नजर आए और अगली बस के इंतजार में घंटों स्टेशन में खड़े रहे साथ ही कई यात्रियों ने बस स्टेशन में इंतजार करना मुनासिब नहीं समझा तो उन्होंने टैक्सी वाहनों की तरफ रूख किया।

मजबूरी वश टैक्सी में यात्रा करने वाले यात्रियों की शिकायतें हैं कि टैक्सी वाले मनमाना किराया वसूल रहे हैं और परिवहन निगम पर्याप्त व्यवस्था नहीं कर पा रहा है। उन्होंने कहा कि परिवहन निगम को प्रत्येक घंटे के अंतराल पर नैनीताल के लिए बसों की व्यवस्था करनी चाहिए जिससे यात्रियों की भीड़ एकत्र न हो और लोगों को टैक्सी गाड़ियों में सफर करने को मजबूर न होना पड़े।

यात्रियों की सबसे बड़ी शिकायत किराए को लेकर है जहां एक तरफ नैनीताल के लिए रोडवेज बस का किराया 85 रुपए है तो वहीं दूसरी तरफ टैक्सी वाहन स्वामी मनमाना किराया वसूल रहे हैं। लोगों का कहना है कि सामान्य तौर नैनीताल के लिए टैक्सी वाहनों में किराया 150 - 200 रुपए है लेकिन इस समय 300 रुपए से अधिक किराया वसूला जा रहा है। इसको लेकर वाहन स्वामी यह सफाई दे रहे हैं कि बहुत अधिक भीड़ होने के कारण लंबे समय तक ट्रैफिक जाम होने से ईंधन की खपत ज्यादा हो रही है इसलिए अधिक किराया लिया जा रहा है।

 हल्द्वानी डिपो की संचालन इंचार्ज इंद्रा भट्ट ने कहा कि डिपो से 8 बसों को नैनीताल रूट पर भेजा जा रहा है। 3 बसें 4 फेरे और 5 बसें 2 फेरे लगा रही हैं साथ ही यात्रियों की भीड़ बढ़ने पर पर्वतीय रूट की बसों को भी नैनीताल भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा  कि भीड़ बढ़ने पर शनिवार को बरेली जाने वाली बस को नैनीताल के लिए रवाना किया गया।

संबंधित समाचार