पीलीभीत: पति ने मायके आकर बुरी तरह पीटा...इस गम से आहत पत्नी ने कर ली आत्महत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीओ सदर ने मौका मुआयना कर जुटाई जानकारी, शव पोस्टमार्टम को भेजा

पीलीभीत/जहानाबाद, अमृत विचार। 20 दिन से मायके में रह रही विवाहिता ने फंदा लगाकर जान दे दी। दो दिन पहले ही पति मायके आकर एक रात रुका और विवाहिता से मार-पिटाई की थी। इसी से आहत होकर खुदकुशी का आरोप परिजन ने लगाया है। सीओ सदर ने जहानाबाद पुलिस के साथ मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

यह भी पढ़ें- पीलीभीत: जब सड़कों पर डंडा लेकर गोवंश भगाते नजर आए कर्मचारी, जानिए मामला..

जहानाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम नवादा कंजा की रहने वाली सुदामा देवी ने बताया कि उनकी पुत्री सोमवती (23) की शादी तीन साल पहले अमरिया क्षेत्र के ग्राम जिठनिया निवासी राजकुमार पुत्र चोखेलाल से हुई थी। दो साल तक सब कुछ ठीक चलता रहा। उसके बाद आरोप है कि पति एक अन्य महिला के चक्कर में उनकी बेटी को प्रताड़ित करने लगा। मानसिक और शारीरिक यातनाएं देना शुरू कर दिया। गृहस्थी बचाने के लिए पीड़िता सब सहती रही। 

उसने मायके वालों को बताया तो सुलह कराने के प्रयास भी चलते रहे। 20 दिन पहले पति समेत अन्य ससुराल वाले बेटी को मारपीट करने के बाद घर छोड़ गए। उसके बाद से विवाहिता मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। मंगलवार सुबह परिजन खेत पर गेहूं की कटाई करने चले गए। घर पर विवाहिता अकेली थी। इसी बीच उसने फंदा लगाकर जान दे दी। कुछ देर बाद परिजन घर आए तो कमरे में लोहे के गाटर पर फंदे से सोमवती का शव लटका मिला। शव पर नजर पड़ते ही परिजन के होश उड़ गए और चीख पुकार मच गई। 

इसकी सूचना मिलने पर सीओ सदर प्रतीक दहिया, जहानाबाद इंस्पेक्टर अशोक पाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। परिजन व अन्य परिचितों से बातचीत कर जानकारी जुटाई। उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कानूनी कार्रवाई के लिए परिजन से तहरीर मांगी गई। उधर, घटना के चलते मृतका के घर के बाहर ग्रामीणों की भीड़ लगी रही।

यह भी पढ़ें- पीलिभीतः लघुशंका गए दलित युवक पर हमला कर सिर फोड़ा, गया था ढाबे पर खाना खाने 

संबंधित समाचार