नैनीताल: नारायणनगर से कूड़ा रिसाइकिल प्लांट को हटाया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

स्थानीय लोग लंबे समय से कर रहे थे विरोध, नई जगह चिन्हित करने की तैयारी में नगर पालिका

नैनीताल, अमृत विचार। लंबे विरोध के बाद आखिरकार नैनीताल नगर पालिका ने नारायणनगर में लगे कूड़ा रिसाइकिल प्लांट को यहां से हटा दिया है। अब कंपोस्ट मशीनें स्थापित करने के लिए नगर पालिका नई जगह चिन्हित कर रहा है। हालांकि ऐसे में अब नैनीताल का करीब दो करोड़ का सॉलिड वेस्ट प्रोजेक्ट अधर में लटक गया है।

नैनीताल नगर पालिका की ओर से नारायणनगर क्षेत्र में पालिका कूड़ा रिसाइकिल प्लांट स्थापित किया गया था। स्थानीय सभासद भगवत रावत के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने कड़ी आपत्ति की थी और इसे यहां से हटाकर अन्यत्र स्थापित करने के लिए लंबे समय तक आंदोलन भी किया था।

उनका कहना था कि प्लांट लगने से जल, वायु प्रदूषण का खतरा पैदा होगा, साथ ही पर्यटकों को भी परेशानी झेलनी पड़ेगी। नगर पालिका अध्यक्ष सचिन नेगी ने बताया कि विरोध को देखते हुए कंपोस्ट मशीनों को यहां से हटा दिया गया है। अब नये सिरे से मशीनें स्थापित करने के लिए जगह चिन्हित की जा रही है।

 
नारायणनगर में पार्किंग का निरीक्षण किया

नगर पालिका टीम ने बुधवार को नारायणनगर में अस्थाई पार्किंग का निरीक्षण किया। ईओ आलोक उनियाल ने बताया कि नैनीताल में पर्यटकों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए नारायण नगर में अस्थाई पार्किंग बनाई जा रही है। इसलिए बुधवार को टीम ने मौके पर जाकर पार्किंग में जरूरी शौचालय, पेयजल व अन्य सुविधाएं स्थापित करने की जांच की है। बताया कि यहां से पर्यटकों को नैनीताल तक शटल सेवा के जरिए पहुंचाया जाएगा।

 

संबंधित समाचार