हल्द्वानी: ऑटो में भूल गई बैग, सीसीटीवी की मदद से पुलिस ने ढूंढ निकाला
हल्द्वानी, अमृत विचार। घर से बाजार के लिए निकली महिला अपना बैग ऑटो में भूल गई और जब उसे याद तो काफी दे हो चुकी थी। वह पुलिस के पास पहुंची और पुलिस ने दो दिन की कड़ी मशक्कत के बाद बैग को तलाश लिया। महिला को खोया बैग मिला तो वह खुशी से फूली नहीं समाई।
मूलरूप से गरुण बागेश्वर निवासी सरिता आर्या बाजार जाने के लिए छड़ायल से सरगम टॉकीज के लिए ऑटो में सवार हुईं थी। उनके पास एक हैंड बैग था, जिसमें खरीदारी के लिए काफी पैसे, मोबाइल, एटीएम और कुछ जरूरी दस्तावेज थे। बताया जाता है कि सरगम टॉकीज पर सरिता ऑटो से तो उतर गईं और अपना बैग ऑटो में ही भूल गईं।
जब उन्हें याद आई तो काफी देर हो चुकी थी। जिसके बाद वह सीधा कोतवाली पुलिस के पास पहुंची और उन्हें पूरी जानकारी दी। बैग तलाशने की जिम्मेदारी सीसीटीवी कंट्रोल रूम को दी। कंट्रोल रूम में नियुक्त हेड कांस्टेबल प्रमोद जोशी और का. रोहित कुमार ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले और ऑटो का नंबर हासिल कर उसके वाहन स्वामी से संपर्क साधकर बैग बरामद कर लिया। गुरुवार को बैग महिला के सुपुर्द किया गया।
