CharDham Yatra 2023: चारधाम यात्रा होंगी सुचारू तरीके से संचालित, सिटी बस और स्कूल बस भी चलाए जायेंगे
रुद्रप्रयाग, अमृत विचार। चारधाम यात्रा के लिए भारी मात्रा में लोग पंजीकरण करवा रहे हैं। आवाजाही में कोई दिक्कत ना आए इसलिए परिवहन विभाग ने जरूरत पड़ने पर सिटी बस और स्कूल बस को भी चारधाम यात्रा में संचालित करने का निर्णय लिया है।
चारधाम यात्रा के लिए परिवहन कंपनियों की 1584 बसें संचालित होती हैं, जिसमें 1069 स्टेज कैरिज और 515 कांट्रेक्ट कैरिज बसें शामिल हैं। इसके अलावा 3200 बसें रोस्टर व्यवस्था से बाहर से संचालित होती हैं, जिनमें 1300 बसें राज्य और 1900 बसें अन्य राज्यों की होती हैं। इस यात्रा में परिवहन निगम की ओर से 100 बसें संचालित करने का प्रस्ताव है।
परिवहन मंत्री चंदन रामदास ने बताया कि इस बार चारधाम यात्रा में चालक कल्याण योजना के तहत 50 लाख का बजट स्वीकृत किया गया है। उन्होंने बताया कि इससे चालकों को चिकित्सकीय परीक्षण, सड़क सुरक्षा संबंधी परामर्श, ठकराव वाले स्थानों पर विश्राम की व्यवस्था और वाहन चालकों को प्रशिक्षण या रिफ्रेशर कोर्स कराया जाना प्रस्तावित है। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाले चालकों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
