रुद्रपुर: छह माह की बच्ची समेत दो कोरोना संक्रमित मिले 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बच्ची का एक निजी अस्पताल में चल रहा है उपचार, जसपुर के युवक को किया आइसोलेट

रुद्रपुर, अमृत विचार। ऊधमसिंह नगर में दो कोरोना संक्रमितों के ठीक होने के बाद एक बार फिर से छह माह की एक बच्ची के साथ ही एक युवक कोरोना संक्रमित मिला है। बच्ची का उपचार एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जबकि युवक को उसके घर पर ही आइसोलेट किया गया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों परिवारों के साथ ही संपर्क में आये लोगों के सैंपल लिए हैं।

एसीएमओ डॉ. तपन शर्मा ने बताया कि यूपी के एक परिवार की छह माह की बच्ची का उपचार रुद्रपुर के मेडिसिटी अस्पताल में चल रहा था। यहां बच्ची की जांच हुई तो वह कोरोना संक्रमित मिली है। उन्होंने बताया कि बच्ची के माता-पिता की अभी जांच नहीं हो पायी है।

वहीं जसपुर में भी एक युवक कोरोना संक्रमित मिला है। उसको आइसोलेट करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की एक टीम जसपुर से गयी थी। टीम ने युवक के संपर्क में आये लोगों के साथ ही अन्य लोगों के भी सैंपल ले लिए हैं। वहीं उन्होंने लोगों से भीड़भाड़ वाले इलाकों में मास्क पहन कर जाने और सेनिटाइजर का प्रयोग करने की अपील की है। 

 

संबंधित समाचार