Pithoragarh News: पहाड़ी के अचानक दरकने से दोबाट में 15 घंटे तक फंसे रहे गूंजी से वापस आ रहे 500 से ज्यादा लोग
पिथौरागढ़, अमृत विचार। धारचूला के गुंजी से वापस आ रहे करीब 500 लोग भूखे प्यासे फंसे रहे। रविवार रात से सुबह दस बजे तक पहाड़ी दरकने से लोग 15 घंटे तक भूखे-प्यास को किनारे कर फंसे रहे। इनमें वे अधिकारी व कर्मचारी भी शामिल थे जो केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के कार्यक्रम में हिस्सा लेने आये थे।
अधिकारी, कर्मचारी, मीडिया कर्मी और अन्य लोग फंसे
धारचूला के गुंजी से लौट रहे अधिकारी, कर्मचारी, मीडिया कर्मी और अन्य लोग रविवार रात 7:20 बजे धारचूला से करीब 35 किमी ऊपर दोबाट पहुंचे तो देखा कि वहां सड़क चौड़ीकरण कार्य के चलते किए गए विस्फोट से पहाड़ी दरक कर सड़क पर आ गई थी। जिससे सड़क पूरी तरह से बंद हो गई। कंपनी के कार्मिकों ने रात 11 बजे तक सड़क खुलने की बात कही लेकिन यह संभव नहीं हो पाया।
यह भी पढ़ें- Kedartal Trek: भारी बर्फबारी से तय नहीं कर सके 200 मीटर की दूरी, वापस लौटे महाराष्ट्र के Treker
लोगों को भूखे-प्यासे गुजारनी पड़ी रात
लोगों को दोबाट में ही रात बितानी पड़ी। कंपनी के लोगों ने रात को खाने-पीने का इंतजाम किया लेकिन लोग अधिक होने से यह नाकाफी रहा। इसके चलते कई लोगों को भूखे-प्यासे ही रात गुजारनी पड़ी। मोबाइल में नेटवर्क नहीं होने से वे अपने घरों में बात नहीं कर पाए। इसके चलते उनके परिजन भी परेशान रहे। कई लोग तो गुंजी लौट गए।
कंपनी के कार्मिकों ने दी जानकारी- अब कोई नहीं आयेगा
सोमवार सुबह 10:12 बजे सड़क खुलने के बाद अधिकारी और अन्य लोग गंतव्य के लिए रवाना हुए। सड़क चौड़ीकरण के कार्य में लगी कंपनी के कार्मिकों को किसी ने जानकारी दी कि अब कोई नहीं आने वाला है इसी के चलते विस्फोट किया गया।
