हल्द्वानी: हाथों में खाली बाल्टियां लेकर जल संस्थान के खिलाफ गरजे लोग
हल्द्वानी, अमृत विचार। कई दिनों से पानी का संकट झेल रहे वार्ड-12 के राजेंद्र नगर वासियों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने हाथों में खाली बाल्टियां लेकर जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन किया।
शुक्रवार को राजेंद्र नगर वासी मोहल्ले में ही सड़क पर इकट्ठा हो गए। उन्होंने हाथी में खाली बाल्टी व बर्तन लेकर जल संस्थान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आक्रोशित लोगों ने कहा कि मोहल्ले में दो-दो नलकूप हैं लेकिन नहाने तो दूर पीने के पानी का इंतजाम नहीं हो रहा है।
लोगों ने मौके से ही जल संस्थान ईई आरएस विश्वकर्मा से फोन पर बात की। इसके बाद ईई ने संबंधित जेई को स्थलीय निरीक्षण के निर्देश दिए। तब कहीं जाकर लोग शांत हुए। प्रदर्शन करने वालों में यूथ कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष हेमंत साहू, शीला श्रीवास्तव, प्रीति आर्य, सरस्वती देवी, सोनी बाल्मीकि, मोहिनी गुप्ता, पार्वती आर्य, पनीराम, कृष्ण, गोलू आदि मौजूद थे।
