चारधाम यात्रा: यमुनोत्री धाम रूट पर पहले ही दिन एक यात्री की मौत
उत्तरकाशी, अमृत विचार। अभी चारधाम की यात्रा का आगाज ही हुआ था कि एक दुखद खबर सुनने को मिल रही है। शनिवार दोपहर एक यात्री घोड़े पर गंगोत्री धाम के दर्शन के लिए जा रहा था। अचानक उसकी सांस उखड़ने लगी और हृदय गति रुकने से मौत हो गई। पुलिस द्वारा शव का पंचनामा भरा गया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
यमुनोत्री धाम रूट में इस सीजन में ये पहला मौत का मामला सामने आया है। जिला आपदा कंट्रोल रूम से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक का नाम कनक सिंह (62) पुत्र सोबन सिंह था और वे गुजरात के रहने वाले थे। कनक सिंह जानकीचट्टी से यमुनोत्री धाम की यात्रा पर घोड़े पर निकले थे। भैरो मंदिर के समीप कनक सिंह घोड़े से लघुशंका के लिए उतरे ओर उनके सीने पर दर्द होने के कारण बेहोश हो गए।
आनन-फानन में उन्हें यात्रा अस्पताल जानकी चट्टी पहुंचाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया की कनक सिंह हृदय संबंधी बाईपास सर्जरी के मरीज थे, जिन्हें हाई एल्टीट्यूड के कारण सांस संबंधी बीमारी के कारण उनकी मौत हो गई। जिसकी सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है।
