देहरादून: चारधाम तीर्थ यात्री 15 मिनट में जानेंगे स्वास्थ्य का हाल
मुख्यमंत्री धामी ने यात्रा मार्गों पर 50 हेल्थ एटीएम का किया लोकार्पण
मानसरोवर यात्रा के लिए कुमाऊं में 25 हेल्थ एटीएम हेतु हुआ एमओयू
देहरादून, अमृत विचार। तीर्थ यात्रियों को सरकार की तरफ से चारधाम यात्रा मार्गों पर मशीन की मदद से 15 मिनट में स्वास्थ्य संबंधी अपडेट देने की तैयारी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को यात्रा मार्गों के लिए 50 क्लाउड सक्षम हेल्थ कियोस्क (हेल्थ एटीएम) का अपने कैंप कार्यालय से लोकार्पण किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग तथा एचपीई के मध्य मानसरोवर यात्रा हेतु कुमांऊ क्षेत्र में 25 हेल्थ एटीएम स्थापित करने के लिए एमओयू भी किया गया।
यह हेल्थ एटीएम पंद्रह मिनट के भीतर रोगी की ऊंचाई, वजन, शरीर का तापमान, रक्त ग्लूकोज, रक्तचाप, इनवेसिव और गैर-आक्रामक रक्त परीक्षण, हृदय जांच और ऑक्सीजन संतृप्ति स्तर सहित 70 से अधिक मेडिकल टेस्ट की तुरंत रिपोर्ट दे सकता है। अपनी टेलीमेडिसिन परामर्श सुविधा के माध्यम से रोगियों को स्पेशलिस्ट और प्रमाणिक डॉक्टरों और अस्पतालों से सर्वोत्तम उपचार के लिए परामर्श देने में भी मदद दे सकता है।
मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों को सुलभ और अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सरकार व स्वास्थ्य विभाग द्वारा गंभीरता से कार्य किए जा रहे हैं। यात्रा मार्गो व दूरदराज क्षेत्रों में लगाए जा रहे हेल्थ एटीएम यात्रियों तथा स्थानीय जनता के लिए अत्यन्त लाभकारी सिद्ध हो रहे हैं। हेल्थ एटीएम तकनीक लोगों को सुलभ और सस्ती प्राथमिक और निवारक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए चिकित्सा पेशे में सबसे महत्वपूर्ण विकासों में से एक है। यह शहरी और ग्रामीण स्वास्थ्य सेवा के बीच की खाई को पाटने जा रहा है और दूरस्थ क्षेत्रों में लोगों के समग्र स्वास्थ्य में सुधार करेगा।
गौरतलब है कि यह हेल्थ एटीएम उन विभिन्न स्थानों पर स्थापित किए गए हैं, जहां तीर्थयात्री केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के चार हिमालयी तीर्थस्थलों की तीर्थ यात्रा के दौरान आमतौर पर विश्राम लेते हैं। इन मशीनों का तीन घंटे तक का पावर बैकअप है। 50 स्वास्थ्य कियोस्क को आधार के रूप में हरिद्वार से चार धाम मार्ग पर स्थापित किया गया है और फिर यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ मार्ग पर शाखाओं में बांटा गया है।
मौसम की जानकारी लेकर करें यात्रा
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में राज्य के विभिन्न स्थानों में स्थापित किए गए हेल्थ एटीएम के माध्यम से अभी तक 1700 से अधिक लोग अपना स्वास्थ्य परीक्षण करवा चुके हैं। लोगों को हेल्थ एटीएम का लाभ मिल रहा है। स्थापित किए गए हेल्थ एटीएम के सुचारू संचालन व देखभाल भी आवश्यक है।
कहा कि चारधाम यात्रा मार्गों पर सुलभ चिकित्सा सुविधाएं होना भी आवश्यक है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा चारधाम यात्रियों हेतु हेल्थ गाइडलाइन्स जारी की गई है, जिनका पालन आवश्यक है। इसके साथ ही तीर्थयात्री मौसम की जानकारी भी रखें तथा उसके अनुसार ही अपनी यात्रा को आगे बढ़ाएं।
