हल्द्वानी: जल जीवन मिशन के अंतर्गत 1 साल पहले हुआ था सर्वे, नहीं हो पाया काम शुरू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। गौलापार के खेड़ा गांव में जल जीवन मिशन के अंतर्गत ट्यूबवेल का निर्माण और पेयजल लाइन बिछाई जानी है। बीते माह ग्राम प्रधान लीला बिष्ट के नेतृत्व में गांव के लोगों ने कुमाऊं आयुक्त को ज्ञापन सौंपा था जिस पर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को जल्दी काम शुरू करने के निर्देश दिए थे।

ग्राम प्रधान लीला बिष्ट ने बताया कि एक साल पूर्व ट्यूबवेल और पेयजल लाइन निर्माण के लिए सर्वे कार्य पूरा हो गया था जिस पर अभी तक काम शुरू नहीं हुआ है।  खेड़ा की क्षेत्र पंचायत सदस्य विद्या देवी का कहना है कि खेड़ा  हल्द्वानी ब्लॉक की सबसे बड़ी ग्राम सभा है। यहां वर्तमान में लगभग 6 हजार की आबादी रहती है जो पानी की आपूर्ति के लिए केवल एक ही ट्यूबवेल पर निर्भर है साथ ही क्षेत्र का कुछ भाग कालीचौड़ श्रोत पर निर्भर है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र बड़ा होने और आबादी बढ़ने के कारण  एकमात्र ट्यूबवेल से लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है और गर्मी बढ़ने से कालीचौड़ श्रोत से मिलने वाले पानी में भी कमी आई है।  स्थानीय निवासी अर्जुन बिष्ट ने कहा कि एक तरफ जल संस्थान दिसंबर माह तक जल जीवन मिशन के कार्यों को पूरा करने का दावा करता है और दूसरी तरफ जमीनी हकीकत यह है कि सर्वे होने के 1 साल बाद भी पेयजल योजना पर काम शुरू नहीं किया गया है। संबंधित अधिकारियों से इस बाबत जानकारी लेनी चाही लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया।


सर्वे हुए 1 साल बीत गया लेकिन अभी तक काम शुरू नहीं किया गया है। बीते माह इसके बाबत कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत को ज्ञापन भी सौंपा था लेकिन इसके बावजूद संबंधित अधिकारियों ने कोई संज्ञान नहीं  लिया। जल्द से जल्द काम शुरू नहीं किया गया तो मेरे नेतृत्व में सभी गांववासी आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

- लीला बिष्ट, ग्राम प्रधान खेड़ा

संबंधित समाचार