रुद्रपुर: एसडीएम कार्यालय में हंगामा करने पर नेता को हिरासत में लिया 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सिडकुल चौकी ले जाकर हिदायत देकर छोड़ा, चालकों से अवैध वसूली और श्रमिकों की समस्या बताने पहुंचा

रुद्रपुर, अमृत विचार। चालकों से अवैध वसूली और सिडकुल श्रमिकों की समस्याओं को लेकर एडीएम कार्यालय पहुंचकर हंगामा करना बंगाली नेता को महंगा पड़ गया। इससे गुस्साए एडीएम के आदेश पर सिडकुल चौकी पुलिस ने आरोपी  को हिरासत में ले लिया और कुछ घंटे बैठाकर हिदायत देकर छोड़ दिया। बाहर निकलते ही नेता ने प्रशासन पर कई गंभीर आरोप लगाए। 

बताते चलें कि मंगलवार को सीएनजी चालकों से विधायक और प्रशासन के नाम पर दबंगई कर अवैध वसूली करने का मुद्दा उठाने वाले बंगाली नेता सुब्रत कुमार विश्वास सिडकुल श्रमिकों की कुछ मांगों को लेकर बुधवार को डीएम कार्यालय स्थित एडीएम कार्यालय पहुंचे थे, जहां एडीएम को ज्ञापन सौंपने के दौरान नेता ने एडीएम जयभारत सिंह के सामने ऊंची आवाज में बहस शुरू कर दी।

जिस पर एडीएम जयभारत सिंह नाराज हो गए। उन्होंने कार्यालय में तैनात कार्मिकों को तत्काल सिडकुल पुलिस को सूचित कर गिरफ्तार करने का फरमान जारी कर दिया। एडीएम कार्यालय से सूचना मिलने पर सिडकुल चौकी प्रभारी पंकज कुमार पुलिस बल के साथ कार्यालय पहुंचे और बंगाली नेता को हिरासत में लेकर सिडकुल चौकी लेकर आ गए। नेता को हिरासत में लेने की खबर मिलते ही चालकों एवं श्रमिकों ने चौकी के सामने डेरा डालना शुरू कर दिया। जिसे देखकर एडीएम के आदेश पर सिडकुल चौकी प्रभारी ने बंगाली नेता सुब्रत को कुछ देर चौकी में बैठाए रखा और बाद में हिदायत देकर छोड़ दिया। 


एक अधिकारी को समस्या सुनने की बजाए बेवजह पुलिस बुलाकर डराया जाना गलत है। आरोप लगाया कि मंगलवार को सीएनजी चालकों से विधायक व प्रशासन के नाम पर अवैध वसूली का मुद्दा उठाया था। संदेह है कि सत्ताधारी नेता के खिलाफ आवाज उठाने के बाद एडीएम के दबाव में काम कर रहे हैं और द्वेष भावना से पुलिस बुलाकर भयभीत करने की कोशिश की गई।
-सुब्रत कुमार विश्वास, बंगाली नेता

 
किसी भी सरकारी कार्यालय में आकर अपनी समस्या को बताने की बजाए बेवजह बहसबाजी और ऊंची आवाज में बात करना न्याय संगत नहीं है। इससे सरकारी कार्यालयों की मर्यादा भंग होती है। कुतर्क कर बहस करने पर पुलिस बुलाकर हिरासत में दिया गया। फरियादी अपनी समस्या बिना किसी नेता के आएं और उसका समाधान किया जाएगा।
-जयभारत सिंह, अपर जिलाधिकारी

 

संबंधित समाचार