काशीपुर: उजबेकिस्तान में फर्राटा भरेगा धावक राहुल...
काशीपुर, अमृत विचार। उज्बेकिस्तान में होने वाली एशियन एथलेटिक्स चैंपियन में पदक हासिल करने के लिए राष्ट्रीय पदक विजेता राहुल फर्राटा भरेंगे। इसके लिए उन्होंने पटियाला में दौड़ के दांव पेंच सीखे हैं।

27-30 अप्रैल तक ताशकंद उज्बेकिस्तान में एशियन यूथ एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन होगा। इसमें काशीपुर भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के राष्ट्रीय धावक राहुल कुमार 1500 मीटर दौड़ में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। राहुल मूलरूप से हरिद्वार के रहने वाले हैं। पिछले करीब तीन वर्षों से काशीपुर में किराये पर घर लेकर साई एथलेटिक्स कोच चंदन सिंह नेगी से स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रशिक्षण ले रहे हैं।
अभी कुछ दिनों से वह इंडिया कैंप पटियाला में दौड़ का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। कोच सीएस नेगी ने बताया कि राहुल ने बहुत कम समय में ही अच्छी उपलब्धि हासिल की है। वह निर्धन परिवार से ताल्लुक रखता है। तीन साल से उसे दौड़ की बारीकियां सिखाई हैं।
शानदार प्रदर्शन करने पर उसने बैंगलोर कर्नाटक में राष्ट्रीय यूथ एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल किया है। इससे पूर्व तीन बार राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुका है। राहुल का उद्देश्य ओलंपिक में पदक हासिल कर देश का नाम रोशन करना है।
उन्होंने बताया कि राहुल ने ओलंपियन सुरेंद्र भंडारी और बहादुर प्रसाद से प्रेरित होकर एथलेटिक्स में कदम रखा है। जिसमें बेहतर करने का प्रयास कर रहा है। इसी तरह से मेहनत करता रहा तो वह अपने लक्ष्य को अवश्य हासिल कर सकेगा। उज्बेकिस्तान के लिए वह रवाना हो गया है।
