काशीपुर: 2 क्विंटल 78 किग्रा प्रतिबंधित प्लास्टिक बरामद, जुर्माना जमा नहीं करने पर प्रतिष्ठान सीज करने की कार्रवाई होगी  

Amrit Vichar Network
Published By Bhupesh Kanaujia
On

काशीपुर, अमृत विचार। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, नगर निगम, प्रशासन की संयुक्त टीम ने स्थानीय पीसीबी अधिकारियों के साथ प्रबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने आधा दर्जन व्यापारियों से 2 क्विंटल 78 किलो 900 ग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक बरामद कर 2 लाख से अधिक का जुर्माना लगाया है।

बुधवार को केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वैज्ञानिक डॉ. एके त्रिपाठी के नेतृत्व में पीसीबी, प्रशासन समेत नगर निगम की संयुक्त टीम ने सबसे पहले मछली बाजार रोड पर एक व्यापारी के प्रतिष्ठान पर छापा मारा। जहां पर करीब 20 किग्रा प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक की डिस्पोजल थाली बरामद हुई। जिस पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके बाद टीम ने मुख्य बाजार हनुमान मंदिर के पास एक प्रतिष्ठान पर छापा।

जहां 2 क्विंटल 55 किग्रा प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक कैरी बैग भारी मात्रा में बरामद हुए। जिस पर 1 लाख का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा चार प्रतिष्ठानों से 3 किलो 900 ग्राम प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक मिलने पर 8 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।

इनमें से एक प्रतिष्ठान पर तीसरी बार भारी मात्रा में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक बरामद हुई है। सीपीसीबी वैज्ञानिक डॉ. एके त्रिपाठी ने बताया कि काशीपुर में 55 स्थानों पर छापा मारा है। इनमें से 2 क्विंटल 78 किलो 900 ग्राम प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक मिलने पर मुख्य बाजार स्थित गौरव माहेश्वरी पर 1 लाख, किशन कुमार पर 3 हजार, सुधीर कपूर पर 1 हजार, निशु शर्मा पर 1 हजार, बूरा बताशा गली के नीरज कुमार पर 1 लाख और एक अन्य पर 3 हजार का जुर्माना लगाया गया है। नगर निगम की ओर से नोटिस भी जारी कर दिए गए हैं।

नियत समय पर जुर्माना जमा नहीं करने पर प्रतिष्ठान सीज करने की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। टीम में सीपीसीबी वैज्ञानिक डॉ. एके त्रिपाठी, पीसीबी के क्षेत्रीय अधिकारी नरेश गोस्वामी, सहायक पर्यावरण अभियंता दिलदार अली, तहसीलदार युसुफ अली, सहायक नगर आयुक्त यशवीर सिंह राठी, जितेंद्र देवांतक, आकाश कुमार आदि मौजूद रहे।