Haldwani News: महाविद्यालयों में तैनात अतिथि शिक्षकों का वेतन बढ़ेगा, उच्च शिक्षा निदेशालय ने भेजा प्रस्ताव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी अमृत विचार। प्रदेश के महाविद्यालयों में तैनात अतिथि शिक्षकों का मासिक वेतन जल्द बढ़ सकता है। उच्च शिक्षा निदेशालय ने वेतन बढ़ाने का प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। प्रदेश के 119 राजकीय महाविद्यालयों में प्राध्यापकों के कुल 2,351 पदों के सापेक्ष 590 पदों पर अतिथि शिक्षक तैनात हैं। वर्तमान में इनको 35 हजार रुपये मासिक वेतन मिलता है।

यूजीसी गाइडलाइन में अतिथि शिक्षकों के लिए 50 हजार रुपये मासिक वेतन का प्रावधान है। इसके अनुरूप शिक्षकों को वेतन नहीं मिल रहा है। महाविद्यालयों में तैनात अतिथि शिक्षक लंबे समय से वेतन बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि वह भी रेग्यूलर प्राध्यापकों की भांति ड्यूटी करते हैं। अवकाश के दौरान भी वह कार्य में लगे रहते हैं। 

प्रदेश के ज्यादातर महाविद्यालयों की शिक्षण व्यवस्था इन शिक्षकों के सहारे चल रही है। स्थायी शिक्षकों के करीब 800 पद खाली हैं। सहायक निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. प्रेम प्रकाश ने बताया कि महाविद्यालयों में तैनात अतिथि शिक्षकों का वेतन बढ़ाने का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। प्रस्ताव में यूजीसी गाइडलाइन के अनुरूप शिक्षकों को वेतन देने का अनुरोध किया गया है।  

यह भी पढ़ें- Haldwani News: नंधौर, दाबका और कोसी को लक्ष्य से अधिक मिली खनन की अनुमति

संबंधित समाचार