काशीपुर: महल सिंह हत्याकांड के आरोपी अलग-अलग जेलों में होंगे शिफ्ट 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीुपर, अमृत विचार। महल सिंह हत्याकांड के आरोपियों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। हल्द्वानी जेल में बंद आरोपियों को पुलिस प्रदेश के पहाड़ी जिलों के जेल में शिफ्ट करा सकती है। वहीं, पुलिस ने हत्याकांड के फरार मुख्य आरोपी हरजीत सिंह उर्फ काला पर भी शिकंजा कसते हुए उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस की कार्रवाई शुरू कर दी है।

महल सिंह हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने दस आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। जिनमें से प्रभजोत सिंह उर्फ पन्नू निवासी ग्राम गुलजारपुर कुंडेश्वरी, रजविन्दर कौर निवासी ग्राम गुलजारपुर, गुरजीत सिंह उर्फ गुरजंट सिंह उर्फ जन्टा सिंह निवासी ग्राम गुलजारपुर, सुखदेव सिंह उर्फ सेबी निवासी ग्राम गुलजारपुर, साधू सिंह निवासी ग्राम घरगंना थाना सदर मानसा जिला मानसा (पंजाब) व मनप्रीत सिंह चहल उर्फ मणि उर्फ चूची निवासी ख्यालाकला सदर मानसा थाना मानसा पंजाब को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता हरजीत सिंह उर्फ काला निवासी ग्राम गुलजारपुर, तनवीर सिंह निवासी ग्राम गुलजारपुर, अर्शदीप सिंह गिल उर्फ अर्श डल्ला निवासी ग्राम डल्ला थाना मोहना जिला मोगा पंजाब और सुखदूल उर्फ सुक्खा निवासी ग्राम दुनके थाना सिटी वन मोगा जिला मोगा पंजाब फरार चल रहे हैं। उनके कनाडा में छिपे होने की संभावना जताई जा रही है।

विदेश में बैठे हरजीत सिंह उर्फ काला ने अपने शूटर साधु सिंह को जेल से रिहा कराने के लिए पंजाब में पकड़े गए वही के निवासी शिमला सिंह को उसकी पैरवी के लिए लगाया था, जिससे कयास लगाए जा रहे थे कि वह साधु सिंह को बाहर निकाल हरजीत सिंह उर्फ काला किसी घटना को अंजाम दे सकता है।

जिस पर पुलिस ने शिमला सिंह की जानकारी पंजाब पुलिस से शेयर की और पंजाब पुलिस ने उसे पंजाब से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों पर शिकंजा कसते हुए सभी दस आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर लगा दिया है, जिससे जेल में बंद आरोपियों की जमानत आसानी से न हो सके।

अब पुलिस ने हल्द्वानी जेल में बंद आरोपियों को अलग-अलग जेलों में शिफ्ट कराने की तैयारी शुरू कर दी है। जिससे यह सभी एक जगह रहकर कोई नई साजिश की योजना न बना सके। हरजीत सिंह उर्फ काला भी इनके संपर्क से दूर हो जाए। कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि महल सिंह हत्याकांड के हल्द्वानी जेल में बंद सभी आरोपियों को उत्तराखंड की अन्य जेलों में शिफ्ट कराने की तैयारी की जा रही है। जिसके लिए उच्च अधिकारियों सहित संबंधित अधिकारियों को भी पत्राचार किया गया है।

संबंधित समाचार