पीलीभीत: बाइक को टक्कर मारने के बाद पलटी ईको, पिता-पुत्री की मौत
पीलीभीत, अमृत विचार। हाईवे पर फर्राटा भर रहे वाहनों ने दो और जान ले लीं। टनकपुर हाईवे पर मैदना गांव के पास बाइक को टक्कर मारने के बाद ईको पलट गई। हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि कार सवार बदायूं के तीन लोग घायल हो गए। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्प्ताल भिजवाया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के चलते हाईवे पर भीड़ जमा रही। करीब आधा घंटे तक आवागमन भी बाधित रहा।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के ग्राम बरहा के निवासी हरीश (45) पुत्र छोटेलाल मीट की दुकान चलाते थे। उनकी ससुराल न्यूरिया क्षेत्र के मैदना गांव में है। ससुराल पक्ष से एक व्यक्ति की शादी होनी है। इसे लेकर पत्नी मखानो देवी कई दिन से अपने मायके में रुकी हुई है। शनिवार सुबह हरीश अपनी बेटी मोनी (18) के साथ कुछ सामान लेकर ससुराल जाने के लिए निकले। टनकपुर हाईवे पर मैदना गांव के पास पहुंचते ही सामने से आ रही ईको ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित होकर ईको भी पलट गई। हादसे में पिता-पुत्री की मौत हो गई। कुछ ही देर में राहगीर और ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। एसओ न्यूरिया उदयवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से कार में सवार बदायूं जनपद के उझानी इलाके के निवासी राजीव, मीना, कमला देवी को बाहर निकाला। तीनों घायलों के जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। कार सवार उत्तराखंड के मां पूर्णागिरि दरबार में दर्शन कर लौट रहे थे। हादसे की खबर मिलने पर परिवार वाले भी आ गए। पुलिस ने जानकारी करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ये भी पढे़ं- पीलीभीत: गृहकलह से तंग युवक ने फंदा लगाकर दी जान, मचा हड़कंप
ृ
