बहराइच में बोले डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक- पड़ोसी देश में आटा के लिए हाहाकार, हमारे देश में फ्री में बंट रहा गेहूं
बहराइच, अमृत विचार। यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक आज रविवार को शहर के नगर पालिका मैदान में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। उप मुख्यमंत्री ने सपा और कांग्रेस पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पहले सिर्फ इटावा और सैफई में 24 घंटे बिजली मिलती थी। अब पूरे प्रदेश में 24 घंटे बिजली आपूर्ति की जा रही है। प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक रविवार को जन सभा के लिए श्रावस्ती पहुंचे।
श्रावस्ती में उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित किया। इसके बाद वह हेलीकाप्टर से बहराइच के नगर पालिका सभागार में जन सभा को संबोधित करने पहुंचे। दोपहर एक बजे उप मुख्यमंत्री का जिले विधायकों और अन्य पदाधिकारियों ने स्वागत किया। इसके बाद उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कांग्रेस पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले कांग्रेस शासनकाल में जमकर भ्रष्टाचार हुआ था, जिससे देश के छवि पूरे विश्व में खराब हुई।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के मंत्री भ्रष्टाचार में जेल भेजे गए। समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे रिश्तेदार पहले जब आते थे तो गांव और शहर में बिजली आपूर्ति के लिए रोस्टर की जानकारी लेते थे। सपा शासनकाल में सिर्फ इटावा और सैफई में 24 घंटे बिजली दी जाती थी। जबकि अब पूरे प्रदेश की जनता को 24 घंटे बिजली सप्लाई दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि परदेस और देश के करोड़ों जनता को सरकार फ्री में राशन दे रही है। जबकि हमारे पड़ोसी देश पाकिस्तान में आटा के लिए हाहाकार मचा हुआ है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की केंद्र और प्रदेश में जब से सरकार आई है, तब से विकास की गति काफी बढ़ा है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश में कोई गुंडा माफिया नहीं है, सबकी कमर योगी सरकार ने तोड़ दी है।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि बहराइच नगर क्षेत्र में जलभराव सड़क सफाई और सीवरेज की समस्या से निजात पाने के लिए भाजपा प्रत्याशी सुधा टेकडीवाल को जीत दिलाएं। जिससे विकास कार्य में केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से कोई कोर कसर नहीं छोड़ा जाएगा।
इससे पूर्व जनसभा को जिले के प्रभारी मंत्री संजय निषाद, सदर विधायक अनुपमा जायसवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम करण टेकरीवाल, एमएलसी डॉ प्रज्ञा त्रिपाठी ने भी संबोधित किया। इस दौरान पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी, महसी विधायक सुरेश्वर सिंह, नानपारा रामनिवास वर्मा बलहा विधायक सरोज सोनकर, जिला प्रभारी नीरज सिंह, चुनाव प्रभारी तरुण त्रिपाठी, जिला उपाध्यक्ष रणविजय सिंह, ब्लाक प्रमुख पति संजय जायसवाल समेत अन्य शामिल रहे।
निर्विरोध निर्वाचित सभासद को किया सम्मानित शहर के नगर पालिका मैदान में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड से निर्विरोध निर्वाचित हुए आशीष सिंह को सम्मानित किया। मालूम हो कि आशीष सिंह सभासद पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए, उनके सामने कोई दूसरा प्रतिनिधि खड़ा नहीं हुआ था।
यह भी पढ़ें:-बस्ती: खेत में किशोर का सिर कटा शव मिलने से इलाके में हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस
