हल्द्वानी: सुबह रोडवेज कर्मी गरजे, शाम को प्रबंधन ने मान ली बात
परिवहन निगम प्रबंधन ने फिर से लागू किया कर्मचारियों का ड्यूटी रेस्ट
हल्द्वानी, अमृत विचार। संयुक्त मोर्चा के बैनर तले परिवहन निगम कर्मचारियों ने ड्यूटी रेस्ट को फिर से लागू करने की मांग को लेकर सुबह धरना शुरू किया। दोपहर में प्रबंधन ने कर्मचारियों को वार्ता के लिए और शाम तक उनकी मांग मान ली गई।
संयुक्त मोर्चे के सभी घटक दल मंगलवार की सुबह 9 बजे काठगोदाम डिपो परिसर में इकट्ठा हुए। बारिश के बाद भी कर्मचारी डटे रहे और धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। वक्ताओं ने कहा कि उनकी एक सूत्रीय मांग ड्यूटी रेस्ट को पूर्व की भांति लागू किया जाए।
आरोप लगाया कि प्रबंधन डीआर बंद करने की आड़ में कर्मचारियों का शोषण करना चाहता है इसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मंगलवार को कर्मचारियों के धरने से बसों का संचालन प्रभावित हुआ। विरोध का असर पर्यटन सीजन में नहीं हो, इसको देखते हुए प्रबंधन की कर्मचारियों से वार्ता हुई।
करीब 2 घंटे चली वार्ता के बाद सहायक महाप्रबंधक सुरेश चौहान ने पूर्व की भांति ड्यूटी रेस्ट लागू करने के आदेश जारी कर दिए। इस दौरान वरिष्ठ केंद्र प्रभारी डीएन जोशी, किशोरी लाल, सतीश लाल, राजेश कोहली, पवन कुमार, भूपेंद्र बिष्ट, चंदशेखर छिम्वाल, निर्मल जोशी, मनोज भट्ट, आंनद बिष्ट, पूरन राणा, संदीप सिंह, शुभम सौदा, नीरज कन्याल, दुर्गा प्रसाद आदि मौजूद थे।
