रुद्रपुर: फ्लैट दिखाने के बहाने महिला से छेड़छाड़, सिडकुल पुलिस को सौंपी तहरीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। शहर की पॉश कॉलोनी की रहने वाली एक महिला ने युवक पर फ्लैट दिखाने के नाम पर छेड़छाड़ व अश्लील हरकतें करने का आरोप लगाया। पीड़िता ने सिडकुल पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। 

मेट्रोपॉलिस सिटी की रहने वाली महिला का कहना है कि वह काफी समय से सोसाइटी में एक शख्स के भाई के फ्लैट में रहती है। व्यक्तिगत कारणों से वह उस फ्लैट को छोड़कर दूसरे फ्लैट में रहना चाहती थी तो उसने मकान के स्वामी के भाई से संपर्क किया और कॉलोनी में मकान दिलवाने की बात कही। इसको लेकर पिछले कुछ दिनों से युवक का उसके घर आना जाना शुरू हो गया।

आरोप था कि मंगलवार की रात आठ बजे युवक उसके मकान पर आया और फ्लैट दिखाने के बहाने कार में बैठाकर रुद्रपुर शहर की ओर ले गया, जहां उसने पहले उसके साथ छेड़छाड़ व अश्लील हरकतें करने की कोशिश की और बाद में शराब पिलाने का प्रयास किया।

महिला ने बताया कि घटना के दौरान उसने अपने मोबाइल से मंगेतर को कॉल कर दी और स्थिति से अवगत कराया। विरोध जताने पर युवक कार को मोड़कर जैसे ही कॉलोनी के गेट पर पहुंचा तो मंगेतर स्थानीय लोगों के साथ खड़ा था। जिसे देखकर युवक मौके से फरार हो गया। पीड़िता ने सिडकुल चौकी पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। उधर सिडकुल चौकी प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि पुलिस पड़ताल कर रही है और कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। प्रकरण की जांच कर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

संबंधित समाचार