रुद्रपुर: सरकारी आवासीय योजना के नाम पर बुजुर्ग से ठगे 17 लाख रुपये
रुद्रपुर, अमृत विचार। खेड़ा बस्ती निवासी एक व्यक्ति से सरकारी आवासीय योजना के नाम पर लाखों की ठगी होने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार वार्ड-17 खेड़ा कॉलोनी निवासी आजम ने बताया कि जुलाई 2022 में उसके पिता का एक परिचित घर पर आया और पीएम आवास योजना के तहत मकान दिलाने का भरोसा दिलाते हुए कई भ्रामक आश्वासन दिए। ,
बताया कि योजना के तहत आवेदक को अनुदान के अलावा विकसित हो रही कॉलोनी में एक मकान भी दिलाया जाएगा। उसकी बातों आकर उसके बुजुर्ग पिता ने कॉलोनी में मकान लेने का निर्णय लेते हुए आरोपी को सारे जरूरी दस्तावेज दे दिए और फाइल चार्ज के नाम पर 15 हजार रुपये नकद भुगतान कर दिया।
इसके बाद भी आरोपी ने अलग-अलग तरीके अपनाकर उसके पिता से 17 लाख रुपये ऐंठ लिए। कार्रवाई पूरी होने के बाद भी आरोपी ने कोई अनुदान या फिर मकान नहीं दिया तो पिता ने मामले की जानकारी परिवार को दी। जिसको लेकर फरवरी में एक पंचायत हुई। जिसमें आरोपी द्वारा 12.50 लाख रुपये वापस करने का आश्वासन दिया।
वादे के मुताबिक आरोपी ने कोई रकम वापस नहीं की। शिकायतकर्ता ने मामले की तहरीर कोतवाली पुलिस को सौंपी। इसके बाद शिकायती पत्र सीओ सदर के हवाले कर दिया है। सीओ सदर अनुषा बडोला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दस्तावेजों की तस्दीक कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
