देहरादून: पहाड़ों पर 7 तक रहेगा बारिश-बर्फबारी का दौर
देहरादून, अमृत विचार। चार धाम यात्रियों को अगले कुछ दिन और सावधानी बरतने की जरूरत है। राज्य मौसम विभाग ने 7 मई तक राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम बिगड़े रहने का अनुमान जताया है।
मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के निदेशक विक्रम सिंह ने 7 मई तक के मौसम के बारे में बताया कि राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों के कुछ स्थानों और शेष पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा/गर्जन के साथ वर्षा/बर्फबारी हो सकती है। 3200 मीटर या इससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। हालांकि प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
निदेशक सिंह के अनुसार, बुधवार के साथ ही गुरुवार(4 मई) को भी यलो के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दिन उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, और पिथौरागढ़ जनपदों में 3200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर शाम से सुबह तक शून्य से नीचे तापमान रहने की संभावना है। अगले 1-2 दिनों के दौरान लगातार हल्की से मध्यम बर्फबारी के कारण, धीरे-धीरे बर्फ का जमाव होगा जिससे सड़कें/मार्ग बाधित हो सकते हैं। संवेदनशील इलाकों में हल्का भूस्खलन और चट्टान गिरने के कारण सड़कों/राजमार्गों में अवरोध/कटाव पैदा हो सकता है।
