किच्छा: सीओ पर लगाया भाजपा नेता पर थप्पड़ जड़ने का आरोप
किच्छा, अमृत विचार। दो दिन पूर्व कोतवाली अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट का मामला तूल पकड़ गया। भाजपा समर्थित एक पक्ष आरोपियों पर कार्यवाही की मांग को लेकर कोतवाली पहुंच गया। कोतवाली में भाजपाइयों की पुलिस अधिकारियों के साथ तीखी नोकझोंक हुई।
आरोप है कि इसी दौरान सीओ ने एक भाजपा नेता को थप्पड़ जड़ दिया और हिरासत में लेकर मारपीट कर दी। मारपीट और हिरासत में लेने से आक्रोशित भाजपाई धरने पर बैठ गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। कार्यकर्ताओं ने 6 घंटे तक कोतवाली में हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार सोमवार को कलकत्ता चौकी अंतर्गत धौरा डैम ग्राम क्षेत्र में दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई थी। आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ता चरणजीत के साथ जमकर मारपीट की गई। चरणजीत की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। बुधवार को इसी मामले को लेकर भाजपा मंडल अध्यक्ष मनमोहन सक्सेना के नेतृत्व में भाजपाई घायल चरणजीत को साथ लेकर कोतवाली पहुंचे और कोतवाली निरीक्षक धीरेंद्र कुमार से वार्ता कर आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की। कोतवाल ने उन्हें शांत कराने का काफी प्रयास किया। लेकिन वह नहीं माने। कोतवाली में हंगामे की सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी ओम प्रकाश शर्मा भी मौके पर पहुंच गए।
इसी बीच हंगामा कर रहे भाजपा नेता व ग्राम प्रधान प्रतिनिधि दीपक मिश्रा द्वारा अभद्रता किए जाने पर सीओ ने उन्हें समझाने का काफी प्रयास किया। लेकिन वह नहीं माने। भाजपाइयों ने आरोप लगाया कि सीओ ने भाजपा नेता को थप्पड़ जड़ दिया और हिरासत में लेकर पुलिस कर्मियों ने उनके साथ मारपीट की।
इसके बाद भाजपाई विरोध में कोतवाली परिसर में धरने पर बैठ गए। सुबह गरीब 11 बजे से शुरू हुआ हंगामा शाम 5:30 बजे तक जारी रहा। मामले की सूचना पर भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल सहित तमाम वरिष्ठ भाजपाई मौके पर पहुंच गए। जिलाध्यक्ष जिंदल ने एसएसपी मंजूनाथ टीसी से फोन पर बात कर मामले की जानकारी देते हुए नाराजगी व्यक्त की। वार्ता के दौरान एसएसपी ने भाजपा जिला अध्यक्ष जिंदल को मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया। एसएसपी से वार्ता के बाद जांच के लिए किच्छा कोतवाली पहुंचे पुलिस अधीक्षक क्राइम चंद्रशेखर घोड़के ने भाजपाइयों से वार्ता कर घटना की जानकारी ली।
इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि विपिन जल्होत्रा, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष लवी सहगल, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष अक्षय अरोरा, राजेश तिवारी, विवेक राय, शोभित शर्मा, महेंद्र पाल, नितेश बाला, विपिन शर्मा, राजीव सक्सेना, रामअवतार अग्रवाल, मुकेश कोली, दिव्यांशु लूथरा, गोल्डी गोराया, रईस अहमद बरकाती, मोनू मान, ओमकार नागी, विशाल गुप्ता, राजकुमार कोली, मूलचंद राठौर, सरन संधू, आरती दूबे, मधु गुप्ता, कुलदीप बग्गा, मयंक तिवारी, नंद किशोर, ओम तनेजा, उमर खान आदि मौजूद रहे।
बंद कमरे में समझौत होने पर जताया रोष
किच्छा। कार्यकर्ता के साथ मारपीट एवं अभद्रता के मामले में करीब 6 घंटे चले हंगामे के बाद शाम को सुलह हो गई है। बंद कमरे में भाजपा पदाधिकारियों व पुलिस के अधिकारियों के बीच हुई बैठक के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया। इसके बाद धरना प्रदर्शन समाप्त कर भाजपाई घर के लिए रवाना हुए। अभद्रता की गई थी तो बंद कमरे में मामले का समझौता नहीं होना चाहिए था।
