अयोध्या: नवसृजित नगर पंचायत कुमारगंज में निर्दलियों के कारण मुकाबला दिख रहा रोचक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मिल्कीपुर/अयोध्या,अमृत विचार। नवसृजित नगर पंचायत कुमारगंज में पहली बार होने जा रहे चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशियों ने मुकाबला रोचक बना दिया है। यहां अध्यक्ष पद के लिए कुल 16 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदाताओं के बीच बहुत इस तरह का जुमला सुनने को मिल रहा है...' राजनीति के दलदल में असल लड़ाई निर्दल में'। यहां नगर पंचायत सृजन से ही भाजपा के विजय कुमार उपाध्याय और  समाजसेवी राजन पांडेय निर्दल चेयरमैन पद का चुनाव लड़ने की पूरी तैयारी में लगे रहे। 

हालांकि विजय उपाध्याय बहुत प्रयास के बाद भी टिकट नहीं पा सके तो निर्दलीय उतरे हैं। भाजपा से चंद्रबली सिंह को प्रत्याशी घोषित कर दिया गया। यही स्थिति सपा में भी भगवती सिंह की है। जिले स्तर तक के नेताओं का पूरा आश्वासन था लेकिन अंत में कांग्रेसी पृष्ठभूमि के विकास सिंह उर्फ छोटू सिंह को सपा ने प्रत्याशी घोषित कर दिया।

वहीं भगवती सिंह ने मंशा को भांपकर प्रत्याशी घोषित होने के पहले ही सपा छोड़ बसपा का दामन थाम लिया। उनकी पत्नी सीता सिंह बसपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में है। वहीं कांग्रेस के विजय पाल सिंह, आम आदमी पार्टी से प्रशांत उपाध्याय, आजाद समाज पार्टी से कमलेश यादव, राष्ट्रीय लोक दल से बलवंत सिंह, एवं लल्लन पांडे, अजय भान सिंह, शकील, नवीन समेत 16 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

 नगर पंचायत क्षेत्र की यदि बात करें तो 5 राजस्व गांव पिठला, बवां, शिवनाथपुर, अमावांछीटन, अकमा को मिलाकर कुमारगंज नगर पंचायत का सृजन किया गया है। नगर पंचायत कुमारगंज में 13 वार्ड 18 बूथ एवं 16 प्रत्याशी तथा 14500 मतदाता हैं। फिलहाल भाजपा से टिकट ना मिलने पर निर्दल प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे विजय कुमार उपाध्याय पार्टी कार्यकर्ताओं पर पकड़ बनाए हुए हैं। 

सपा से विकास सिंह उर्फ छोटू सिंह और आजाद समाज पार्टी से कमलेश यादव भी मजबूती से डटे हैं। वहीं सबसे अलग मजबूत समाजसेवी पृष्ठिभूमि वाले राजन पांडेय अपनी जमीनी पकड़ की बदौलत औरों के सामने कड़ी चुनौती पेश कर रहे हैं। राजन खुद और उनकी पत्नी निर्दल जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं। मौजूदा समय उनका बेटा अंकित जिपं सदस्य है। जनता में इस परिवार की अलग ही छाप है।

यह भी पढ़ें:-अयोध्या: बीकापुर में निर्दल प्रत्याशी समेत चार पर मारपीट का केस दर्ज, जानें पूरा मामला

संबंधित समाचार