अल्मोड़ा: दुकानदार ने किया नाबालिग से दुष्कर्म, गर्भवती होने पर हुआ खुलासा
अल्मोड़ा, अमृत विचार। जिले के हवालबाग ब्लॉक के एक गांव में दुकानदार पर नाबालिग से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। इस मामले में पॉक्सो एक्ट में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद राजस्व पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मामला दिसंबर 2022 का है। हवालबाग के एक गांव निवासी हाईस्कूल की छात्रा दुकान में सामान लेने गई थी। आरोप है कि दुकानदार ने झांसे में लेकर उसके साथ दुष्कर्म किया। साथ ही किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद वह गुमसुम रहने लगी।
पांच माह बाद परिजनों को उसके गर्भवती होने का पता चला। परिजनों के पूछने पर छात्रा ने उन्हें घटना के बारे में बताया। इस पर परिजनों ने राजस्व पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया है।
