अयोध्या : वोट डालने में नगर निगम से आगे रहे हैं नगर पंचायतों के मतदाता

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

निकाय चुनाव 2017 में मतदान प्रतिशत में बीकापुर था अव्वल, नगर निगम में हुई थी 50 प्रतिशत वोटिंग

अयोध्या, अमृत विचार। लोकतंत्र के पर्व में भागीदारी को लेकर शहरी क्षेत्र के मतदाताओं का रुझान घटता जा रहा है, जबकि ग्रामीण क्षेत्र के मतदाता जलपान से पहले मतदान को प्राथमिकता दे रहे हैं। कुछ ऐसा नजारा निकाय चुनाव के पहले चरण में शामिल प्रदेश की राजधानी लखनऊ में देखने को मिला, जहां नगर निगम क्षेत्र का वोटिंग प्रतिशत 36.97 रहा, जबकि नगर पंचायत का मतदान प्रतिशत 64 फीसदी रहा। यही हाल अयोध्या जनपद में 2017 के निकाय चुनाव में रहा। यहां मतदान करने में नगरीय क्षेत्र के मतदाता ग्रामीण क्षेत्र के मतदाताओं से पीछे थे। 

2017 में हुए निकाय चुनाव में नगर निगम अयोध्या का मतदान प्रतिशत 50 फीसदी रहा, जबकि नगर पंचायतों का मतदान लगभग 70 प्रतिशत रहा। मताधिकार के इस्तेमाल को लेकर जागरुकता अभियान के बावजूद यह प्रदर्शन चौंकाने वाला था। अब देखना यह है कि 11 मई को होने वाले मतदान में जिले के मतदाताओं की कितनी भागीदारी होगी। 

राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के आंकड़ों पर नजर डालने पर पता चलता है कि 2017 में मत का उपयोग करने में शहरी क्षेत्र के मतदाता ग्रामीण क्षेत्र के मतदाताओं से पीछे रहे। नगर निगम में कुल 1,98,905 मतदाता थे, जिसमें कुल पड़े मतों की संख्या 99448 थी। वहीं नगर पंचायत बीकापुर का मतदान प्रतिशत 73.38 था, बीकापुर में कुल 10,637  मतदाता थे, जिसमें कुल पड़े मतों की संख्या 7805 थी। नगर पंचायत गोसाईगंज में कुल मतदाता 10055 थे, जिसमें कुल पड़े मतों की संख्या 7020 थी, मतदान प्रतिशत 69.82 था। नगर पंचायत भदरसा का मतदान प्रतिशत 69.39 था। यहां कुल मतदाता 9418 थे, जिसमें कुल पड़े मतों की संख्या 6535 थी। वहीं नगर पालिका रुदौली में मतदान प्रतिशत 63.37 था। यहां  कुल मतदाता 33038 थे, जिसमें कुल पड़े मतों की संख्या 20935 थी। हालांकि 2023 के नगरीय निकाय चुनाव में नगर निगम क्षेत्र का दायरा बढ़ा है। वहीं नगर पंचायतों की संख्या अब तीन से बढ़कर छह हो गई है। इस बार जनपद में आठ निकाय हैं। 

शहरी मतदाताओं ने सबसे अधिक किया नोटा का इस्तेमाल 

2017 में हुए नगरीय निकाय चुनाव में जनपद अयोध्या के मतदाताओं ने जमकर नोटा का बटन दबाया। राज्य निर्वाचन अयोग उत्तर प्रदेश की वेबसाइट पर दर्शाए आंकड़ों पर नजर डालें तो 2017 में नोटा के रूप में कुल 771 मत पड़े। जनपद में सबसे अधिक नोटा का इस्तेमाल शहरी क्षेत्र के मतदाताओं ने किया। नगर निगम में नोटा के पक्ष में 686 मत पड़े, जबकि नगर पंचायत गोसाईगंज में 26, नगर पालिका रुदौली में 24 व नगर पंचायत बीकापुर में 18 व नगर पंचायत भदरसा में सबसे कम 17 मत नोटा के पक्ष पड़े थे। 

निकाय चुनाव 2023 में मतदाताओं की संख्या 

निकाय                                                      मतदाता


1-नगर निगम अयोध्या                                    3,32,290
2-नगर पालिका परिषद रुदौली                         59,959
3-नगर पंचायत गोशाईगंज                               11,390
4-नगर पंचायत खिरौनी (सुचित्तागंज)              18,560
5- नगर पंचायत भरतकुण्ड (भदरसा)               29,666
6- नगर पंचायत मां कामाख्या                            22,278
7-नगर पंचायत कुमारगंज                                 14,326
8-नगर पंचायत बीकापुर                                   11,273

अमृत विचार अपील

लोकतंत्र के उत्सव में सभी को बढ़ चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। शहरी हों या ग्रामीण क्षेत्र के लोगों से अमृत विचार वोट डालने की अपील करता है। क्योंकि आपका एक वोट लोकतंत्र की मजबूती में योगदान देगा।

संबंधित समाचार