मुरादाबाद : नए चेहरों ने बिगाड़ा गणित, दिग्गज जीत के प्रति आश्वस्त
नगर पंचायत के सभी प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद होने पर सबकी नजर 13 मई को होने वाली मतगणना पर है
सुनील तोमर,अमृत विचार। नगर पंचायत के अध्यक्ष पद और वार्ड सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान में नए चेहरों ने गणित बिगाड़ा है। हालांकि कई दिग्गज अपने बूथ पर अधिक मतदान से खुश होकर जीत के प्रति आश्वस्त हैं। वे अपने बूथ पर मिले वोटों का गणित अपने पक्ष में मानकर खुश हैं। कोई कमतर मानने को तैयार नहीं है, जब तक कि मतपेटिका की सील खुलने के बाद मतों की गिनती 13 मई को न हो जाए।
नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा प्रत्याशी रामरक्षपाल उर्फ रिंकू, सपा प्रत्याशी हाजी नईम ठेकेदार, रालोद प्रत्याशी हाजी नासिर, आम आदमी पार्टी प्रत्याशी मोहम्मद याकूब, बसपा प्रत्याशी मोहम्मद हारुन सैफी, कांग्रेस प्रत्याशी हाजी तबारक हुसैन और एआईएमआईएम के प्रत्याशी अरसद सैफी अपनी जीत को पक्की मान रहे हैं। सभी अपने बूथ पर मिले वोटों का गणित सहेजकर जीत का आकलन करने में जुटे हैं। मतदान का प्रतिशत बढ़ने से सभी अपने-अपने पक्ष में अधिक वोटों का दावा कर रहे हैं। कई प्रत्याशियों ने अपनी जीत तय मानकर मिठाई भी बांट दी है।
नगर पंचायत में मतदान शांतिपूर्ण माहौल में हुआ है। किसी तरह की छिटपुट घटनाएं भी नहीं हुईं। प्रत्याशियों ने भी माहौल खराब करने की कोशिश नहीं की। सभी अपने वोटरों को घरों से निकाल मतदान के लिए भेजते रहे थे। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के अलर्ट रहने से माहौल नियंत्रण में रहा।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : मतगणना से पहले परिणाम का आकलन करने में जुटे प्रत्याशी, बूथवार मिले वोट का लगा रहे हिसाब
अब 13 मई की मतगणना का इनजार
नगर पंचायत के सभी प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद होने पर सबकी नजर 13 मई को होने वाली मतगणना पर है। मतों की गिनती के बाद ही पता चलेगा कि किसके सिर पर ताज सजेगा। इस बार कोई नया चेहरा नगर पंचायत का सरताज बनेगा। वहीं जीत निश्चित बताने वाले प्रत्याशियों में से किसका दावा उसके लिए सही साबित होगा।
नए चेहरे खिला सकते हैं गुल
पाकबड़ा में इस बार कई नए चेहरे चुनावी मैदान में थे। उनके प्रदर्शन से सभी का गणित बिगड़ा है। प्रत्याशियों की नजर उन नए चेहरे पर टिकी है कि किसके वोटों में सेंधमारी हुई है। इससे होने वाला नफा नुकसान के आकलन में प्रत्याशी और उनके समर्थक लगे हैं। वह मतदाताओं की खामोशी को परखने में जुटे हैं।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में हैं ईवीएम, स्ट्रांग रूम से चक्रवार बाहर लाई जाएंगी
