काशीपुर: शहर के कलाकारों ने तैयार किया जय बाबा नीब किरौली भजन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सोशल मीडिया पर खूब सुना जा रहा भजन

काशीपुर, अमृत विचार। काशीपुर के युवा कलाकारों ने नीब करोली बाबा का बहुत ही सुंदर भजन जय बाबा नीम करोली तैयार किया है। एसपी अभय सिंह, मां बाल सुंदरी देवी मंदिर के मुख्य पंडा विकास अग्निहोत्री, कोतवाल मनोज रतूड़ी द्वारा बाबा नीम करौली के सुंदर भजन को लॉन्च किया गया। भजन को सोशल मीडिया पर खूब सुना जा रहा है। 

भजन को एस्कॉर्ट फार्म कुंडेश्वरी निवासी अमन चंद्रा ने अपनी आवाज दी है। वहीं वैशाली कॉलोनी निवासी देव गोस्वामी गीत के लेखक, कचहरी रोड जसपुर खुर्द निवासी एमअली खान ने इसे अपने संगीत से सजाया है जबकि सोनू सागर इसके निर्देशक हैं। भजन के गायक अमन चंद्रा ने बताया कि इसकी शूटिंग बाबा के स्थल कैंची धाम, भीमताल, बाबा की शिष्या के स्थल (उत्तराखंड का वृंदावन) पर की गई है।

भजन में मुंबई निवासी बड़े पर्दे के कलाकार मनीष उपाध्याय ने भी अपनी अदाकारी प्रस्तुत की है। मनीष क्राइम पेट्रोल सीरियल में भी अभिनय कर चुके हैं। चार मिनट का यह भजन सोशल मीडिया पर श्रद्धालुओं को खूब भा रहा है।

अमन बताते हैं कि बाबा का भजन पहली बार तैयार किया है। उन्होंने बताया कि एनडीए फिल्म प्रोडक्शन यूट्यूब चैनल पर भजन श्रोताओं को खूब पसंद आ रहा है। उन्होंने बताया कि 15 जून को कैंची धाम पर मेला लगता है। इससे पूर्व बाबा का एक और भजन लांच करने की तैयारी है। गायक अमन चंद्रा बताते हैं कि वह पंजाब, रामनगर, दिल्ली, मुंबई आदि क्षेत्रों में म्यूजिक शो कर चुके हैं। 

 

संबंधित समाचार